वापी के बाबा रामदेव मंदिर प्रांगण में देर रात तक लगा रहा श्याम प्रेमी भक्तों का तांता
देश के कोने कोने से आए कलाकारों ने मोह लिया सभी का दिल
श्री खाटू श्याम प्रचार मंडल द्वारा 19 वा वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया।
कई उद्योगपति , सामाजिक हस्तियां और राज नेताओ ने लगाई हाजिरी
कृष्ण कुमार “गौतम”
वापी ,
वलसाड जिले के वापी तहसील में 28 और 29 दिसंबर को श्री खाटूश्याम प्रचार मंडल (पंजिकृत) द्वारा वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन वापी में किया गया। श्री सूरजगढ़ के निशान एवं सिगड़ी यात्रा के साथ श्री रामचरित मानस का सामूहिक सुंदरकांड पाठ और बाबा खाटू श्याम भजन संध्या भव्य तरीके से किया गया। सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई थी जिसमे करीब ५००० लोगों ने लाभ उठाया।
श्री खाटूश्याम प्रचार मंडल ,जो की मुख्य रूप से वापी , दमन , सिलवासा के श्याम प्रेमियों द्वारा संचालित है। प्रति वर्ष की तरह संस्था द्वारा यह वार्षिक उत्सव बहुत खास ढंग से मनाया गया है। जिसमें विशेष मान्यता वाले सूरज गढ़ के निशान के साथ सिगड़ी यात्रा का आरंभ 28 दिसंबर को दोपहर 12:15 बजे से वापी टाउन स्थित सिद्धनाथ महादेव मंदिर से होते हुए बाबा रामदेव मंदिर तक पैदल यात्रा गाजे बाजे के साथ पहुंचा जहां आरती के साथ संपन्न हुआ।
पदयात्रा में विशाल हुजूम के साथ आगे-आगे हनुमान की पताका के साथ महिलाएं सिर पर सिगड़ी रखकर उसमें अलाव जलाकर बाबा के मंगल गीत गाते आगे चलती नजर आई।
विशेष उपस्थिति के रूप में सूरजगढ़ दरबार धाम से संत प्रतिमूर्ति के रूप में भगत हजारीमल जी इंदौरिया की उपस्थिति रही।सूरज गढ़ के निशान और सिगड़ी यात्रा के महत्व के बारे में आयोजकों और वापी पधारे राजस्थान् के सूरजगढ़ दरबार के भगत हजारीमलजी इंदौरिया ने बताया कि इस निसान की महिमा अपरंपार है। इस सिगड़ी यात्रा की महिमा की बात करें तो इस के द्वारा हजारों महिलाओं जिन्हें मातृत्व सुख प्राप्त नहीं था ,बाबा ने उनकी सूनी गोद भर दी। हर साल फागुन के मेले के समय यह यात्रा सूरजगढ़ दरबार से निकलता है , जिसमे कई हजार लोग शामिल होते है। बाबा की शक्ति ऐसी की हर कोई इनका मुरीद हो जाता है। जो एक बार बाबा के दरबार में हाजिरी लगा लेता है , बाबा उसके दुख हर लेता है।
इस दौरान पदयात्रा में श्रद्धालु गाजे बाजे की धुनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। शाम को भव्य तरीके से सालासर बालाजी प्रचार मंडल वापी द्वारा संगीतमयी श्री रामचरित मानस सुंदरकांड का पाठ किया गया। जिसमें सैकड़ों भक्तों ने एक साथ सामूहिक सुंदरकांड में हिस्सा लिया।श्री खाटू श्याम प्रचार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा श्याम बाबा के दरबार को सजाने के लिए देश के कई राज्यों से फूल मंगाए गए हैं और देश के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा बाबा का भव्य श्रृंगार कर दरबार को सजाया गया। मंडल द्वारा भजन संध्या में बेहतरीन अलग-अलग तरह के इत्र वर्षा किया गया ।
गौरतलब है की श्री खाटूश्याम प्रचार मंडल धर्मक्षेत्र में सनातन और धर्म के प्रचार प्रसार के साथ सामाजिक कार्यों में काफी सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। अपने 19 सालों के अनवरत कार्यक्रमों के द्वारा जिले के रहवासियों के दिल में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज करा चुका है।
कार्यक्रम की बात करें तो 29 दिसंबर को दोपहर श्री श्याम नित्य ज्योत पाठ मुंबई से पधारे अंब्रिश् कुमार द्वारा किया गया। ज्योत प्रज्वलित कार्यक्रम मे उद्योगपति जगदीश तँवर द्वारा कराया गया ।
भजन संध्या मे वापी की राजू रंगीला मुजिकल टीम का साथ रहा।देश के कोनों से आए कई कलाकार भजन द्वारा श्याम प्रेमियों के बीच बाबा खाटू श्याम के भजन गा कर मोहित किया। आमंत्रित कलाकारों में मुख्य रूप से मुंबई से भक्त अमरीश (पाठ वाचक) , सूरजगढ़ (राजस्थान) से सुनील शर्मा , विजय सिंह राजपूत और राजेश शर्मा ने समां बाँधा, वहीं अकोला महाराष्ट्र से गोपाल शर्मा “हारे” , खेतडी ( राज.) से प्रियंका कुमावत समेत कई स्थानीय कलाकार शामिल रहे।
मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है , बाबा का दरबार सुहाना लगता है ,शीश के दानी महा बलदानी , अगर श्याम तेरी किरपा न होती, हमारे घर श्याम आएं हैं ,भर दे री श्याम झोली भर दे , वीर हनुमाना प्रभु मन बसिया , करना निधि नाम तेरा समेत सैकड़ों भजन द्वारा श्यामभक्त प्रभु भक्ति में रमे नजर आए।