आईटीआई के दो लाख विद्यार्थियों को मिलेगा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढा की संकल्पना

अनिरुद्धाज् अकॅडमी ऑफ डिझास्टर मैनेजमेंट’ और कौशल विभाग के बीच समझौता
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र में आई टी आई के छात्र आपदा प्रबंधन के गुर सीखेंगे। राज्य के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढा की संकल्पना के तहत राज्य के दो लाख आईटीआई विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मंत्री लोढा ने कहा कि आपदा प्रबंधन का दीर्घ अनुभव रखने वाली ‘अनिरुद्धाज् अकॅडमी ऑफ डिझास्टर मैनेजमेंट’ और कौशल विभाग के अंतर्गत व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सशक्त भारत के निर्माण के लिए देशवासियों के लिए विभिन्न उपक्रम सफलतापूर्वक चला रहे हैं। योग दिवस और खेलो इंडिया इसी का हिस्सा हैं। इसी प्रकार राज्य में भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कौशल विभाग द्वारा नई पीढ़ी को पारंपरिक खेलों का महत्व समझाने के लिए राज्यभर के आईटीआई में क्रीड़ा महाकुंभ का आयोजन किया जाता है। अब इसी श्रृंखला में जनसेवा की भावना से आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाकर आईटीआई के माध्यम से देशसेवा का कार्य किया जा रहा है। मंत्री लोढा ने कहा कि कोई भी आपदा पूर्व सूचना देकर नहीं आती। चाहे आपदा मानव निर्मित हो या प्राकृतिक, ऐसी स्थिति में मानव सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर जिला आपदा प्रबंधन को सहयोग देने वाली बचाव प्रणाली तैयार की जा सकती है। आपदा प्रबंधन और बचाव कार्य का प्रशिक्षण प्रत्येक नागरिक को लेना चाहिए, ऐसा भी मंत्री लोढा ने कहा।
व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय की संचालिका माधवी सरदेशमुख ने कहा कि ‘अनिरुद्धाज् अकॅडमी ऑफ डिझास्टर मैनेजमेंट’ राज्य के 419 सरकारी आईटीआई में विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रायोगिक प्रशिक्षण सहित आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्रदान करेगी, ऐसा अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील मंत्री ने बताया। मानव ने भले ही प्रगति की हो, लेकिन आपदाओं का स्वरूप भी उसी अनुसार बदल गया है, इसलिए नई पीढ़ी को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देना हमारा उद्देश्य है।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली विभिन्न आपदाओं का अध्ययन कर अकादमी ने यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। आपदा की स्थिति में किए जाने वाले उपायों और बचाव कार्य का विशेष प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया जाएगा, ऐसी जानकारी अकादमी के प्रतिनिधि हरीश महाजन ने दी। इस अवसर पर व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय के सह-निदेशक सतीश सूर्यवंशी भी उपस्थित थे।
*****
