प्राजक्ता माली की महिला आयोग में शिकायत
माफी मांगे, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी
मुंबई। पिछले कई दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख हत्या प्रकरण की जोरदार चर्चा है। आष्टी से भाजपा विधायक सुरेश धस लगातार इस मामले को उठाकर मंत्री धनंजय मुंडे पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा था कि हम परली में देख रहे हैं कि रश्मिका मंदाना, सपना चौधरी, प्राजक्ता माली आती हैं, जिन्हें इवेंट मैनेजमेंट की राजनीति सीखनी है, उन्हें परली आना चाहिए। इस पर मराठी अभिनेत्री प्राजक्ता माली ने धस पर हमला बोला है।
यहां मुंबई में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्राजक्ता माली ने कहा कि वे सुरेश धस का बयान का विरोध करने के लिए आई हैं। उन्होंने कहा कि आपको अपनी राजनीति मुबारक, लेकिन इसके लिए हमें क्यों बदनाम किया जा रहा है? वहां कई पुरुष कलाकार थे, तो फिर सिर्फ महिला कलाकारों का ही नाम क्यों लिया जाता है? माली ने कहा कि सुरेश धस ने मेरे बारे में बहुत गलत बयान दिया है। सामने खड़े लोगों को हंसाने के लिए मेरे नाम का उपयोग किया गया। सुरेश धस को माफी मांगनी होगी। इसकी शिकायत महिला आयोग से की गई है। अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ माह से यह सब शुरू है। मुझे तमाम ट्रोलिंग, तमाम नकारात्मक टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन मेरी चुप्पी का यह कतई मतलब नहीं कि इन सब पर मेरी मौन सहमति है। मेरी जैसी अनेक महिला, कलाकारों को ऐसी बातें हताश करने वाली हैं। शांत रहने की वजह से हम पर ये बातें थोपी जा रही है। एक व्यक्ति के खिलाफ गुस्से में आकर कुछ भी बड़बड़ाया जा रहा है और सेलिब्रिटी को इस पर बयान देने के लिए मजबूर होना पड़ता है, तभी सामने वाला व्यक्ति दोबारा बोलता है और कीचड़ उछालने का सिलसिला जारी रहता है। महिलाओं की इज्जत उतारी जाती है और सभी का मनोरंजन होता है।
इधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पार्टी के विधायक सुरेश धस द्वारा राकांपा नेता धनंजय मुंडे पर सार्वजनिक तौर पर निशाना साधते हुए की गई टिप्पणी पर नाराजगी व्यक्त की है। बावनकुले ने कहा कि मैं सुरेश धस से कहूंगा कि उनके पास जो भी जानकारी है, उसे सार्वजनिक करने के बजाय सीधे मुख्यमंत्री से साझा करें। मैं उनसे कहूंगा कि वह ऐसी कोई टिप्पणी न करें, जिससे (हत्या की) जांच प्रभावित हो। बावनकुले ने 12 जनवरी को होने वाले राज्य-स्तरीय भाजपा सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अहिल्यानगर जिले के शिरडी का दौरा किया।
