माहेश्वरी सेवा समिति , वापी द्वारा हिंदी की सेवा और विकास हेतु हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन
कृष्ण मिश्र “गौतम”
वापी ,
माहेश्वरी सेवा समिति , वापी , दमन ,सिलवासा द्वारा आयोजित भव्य कवि सम्मेलन वापी के ज्ञानधाम स्कूल प्रांगण में संपन्न हुआ। लगभग 7000 लोगों की भीड़ से भरा हुआ मैदान हिंदी के प्रति लोगों में उमड़ते हुए प्यार और दुलार को दर्शाता है।

हिंदी के सिरमौर और राष्ट्र में हिंदी की अलख जगाने और मां हिंदी को उसका विश्व पटल पर अधिकार दिलाने वाले कवि डा. कुमार विश्वास वापी में हिस्सा लेने विशेष रूप से पधारे थे।

साथ में डा. पद्मिनी शर्मा , विनीत चौहान , रमेश मुस्कान , कुशल कौशलेंद्र ने भी वीर रस, श्रृंगार रस , हास्य ठहाकों के साथ काव्य रस का पाठ किया।

देश में वर्तमान , पूर्व और भविष्य की प्रमुख बातों पर कटाक्ष , बधाई और व्यंग्यो के बाण चलाए। कवि-कर्म की सार्थकता युगधर्म के न्यायोचित निर्वाह से तय होती है।किसी भी कारण से अपने समय की विसंगतियों पर मौन रह जाना किसी भी समर्थ आवाज़ द्वारा किया जा सकने वाला सबसे बड़ा अपराध है इसलिए समीकरणों की सुखद संभावनाओं से तटस्थ होकर सत्य के लिए सदा संकल्पित रहना प्रत्येक संवेदनशील हृदय की मजबूरी है। लोक-केन्द्रित यह कवि सम्मेलन हर उस समर्थ कवि व कलाकार को सादर समर्पित है जिसकी मुखर आवाज़ लाखों-करोड़ों लोगों की प्रतिनिधि मानी जाती है।

डा कुमार विश्वास अपनी बातों को मुखर रूप से सभी के बीच में रखने के लिए जाने जाते हैं। वापी में विश्वास ने कवि के रूप में समा बांध दिया , हास्य, वीर , श्रृंगार रस के सभी कवियों ने खूब मनोरंजन कराया। वापी वासी इस शाम को भूल नही पाएंगे।
माहेश्वरी सेवा समिति ,वापी के रामस्वरूप लड्ढा ने बताया आयोजन की सफलता ही बताती है की मां हिंदी और भारत के प्रति कितना आदर और प्रेम लोगों में है । गुजरात की धरती पर हिंदी के प्रति स्नेह बना रहे।माहेश्वरी सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गुजरात प्रदेश में जहां की प्रमुख भाषा गुजराती है वहां हिंदी साहित्य और मां हिंदी के विकास में संस्था का गिलहरी प्रयास रहता है , हिंदी भाषा पूरे विश्व में विकसित और प्रसिद्ध हो ऐसी हमारी विचारधारा है। हिंदी का सम्मान हम सभी हिंदी भाषियों के लिए गर्व का विषय है। प्रमुख अतिथि के रूप में गुजरात प्रदेश सरकार के कैबिनेट में वित्त, पेट्रोलियम एवं ऊर्जा मंत्रालय संभालने वाले मंत्री कनु भाई देसाई , सतीश पटेल , मिलन देसाई , मितेश देसाई समेत कई अतिथि , अनेक उद्योगपति , सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि , समाजसेवी, समेत हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहें।

