सरकारी विभागों में अनुबंध पर भर्ती बंद होनी चाहिए : शरद पवार

पुणे,
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को संबोधित करते हुए शनिवार को कहा कि सरकारी विभागों में अनुबंध पर भर्ती बंद होनी चाहिए। पवार ने यह भी कहा कि ऐसी परीक्षाओं में सीटें बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए, जो अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बाल गंधर्व सभागार में ‘अस्वस्थ तरुणाई आश्वासक साहेब’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रति वर्ष दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था, लेकिन केवल सात लाख युवाओं को ही नौकरियां मिली हैं। भ्रष्टाचार को कम करने, सामाजिक संस्थानों को विकसित करने और कारखानों का निर्माण करने की जरूरत है।’’ कार्यक्रम में सवाल-जवाब सत्र के दौरान पवार ने एक छात्र से कहा कि अगर केंद्र और राज्य सरकारें उनकी समस्याएं नहीं सुनती हैं तो संघर्ष करना होगा। राजनीति और निर्णय लेने में महिलाओं की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अगर अवसर मिले तो महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकती हैं।
——-
भाजपा का गठन किसी को ‘पीएम‘ या ‘सीएम’ बनाने के लिए नहीं हुआ था, इसलिए पार्टी कभी बटी नहीं: देवेंद्र फडणवीस

नागपुर,
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना किसी को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं की गई थी और इसलिए पार्टी को कभी भी आंतरिक विभाजन का सामना नहीं करना पड़ा। फडणवीस ने दावा किया कि उनकी पार्टी देश के इतिहास में एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है, जो कभी बंटी नहीं। उन्होंने भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर यहां एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनसे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सिपाही’ के तौर पर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं से लेकर प्रधानमंत्री मोदी तक सभी ने पार्टी को आगे बढ़ाने का काम किया है। फडणवीस ने कहा कि भाजपा नेता कभी भी खुद तक सीमित या स्वार्थी नहीं रहे। उन्होंने दावा किया, ‘‘यह पार्टी कभी भी किसी को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं बनाई गई थी, बल्कि इसकी स्थापना एक ऐसी विचारधारा के लिए की गई थी, जो देश के हितों की सेवा करे। इस पार्टी ने सदैव अपनी विचारधारा के अनुरूप कार्य किया और इसमें कभी फूट नहीं पड़ी।’’ हाल के वर्षों में बाल ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) आंतरिक उथल-पुथल के बाद बंट गई थी। फडणवीस ने बाद में कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में विपक्षी गुटों महा विकास आघाडी (एमवीए) और ‘इंडिया’ पर कटाक्ष किया तथा उनकी तुलना एक ऐसी रेलगाड़ी से की जिसमें इंजन तो है लेकिन डिब्बे नहीं हैं। उन्होंने दावा किया, ‘‘(विपक्षी गठबंधन के) घटक दलों के बीच कोई तालमेल नहीं है और सभी अपना-अपना राग अलाप रहे हैं।’’
———
कांग्रेस ने उत्तर, दक्षिण गोवा लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की
पणजी,
कांग्रेस ने शनिवार को उत्तर और दक्षिण गोवा लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री रमाकांत खलप और विरियाटो फर्नांडिस के नामों की घोषणा की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने इन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने गोवा में दोनों लोकसभा क्षेत्रों से कांग्रेस के उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर सहमति व्यक्त की है। खलप (76) उत्तरी गोवा से महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के टिकट पर 1996-1998 तक सांसद रह चुके हैं। खलप पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय कानून राज्य मंत्री थे। बाद में उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के लिए एमजीपी छोड़ दी थी। दक्षिण गोवा से कांग्रेस के उम्मीदवार विरियाटो फर्नांडीस भारतीय नौसेना के एक पूर्व अधिकारी हैं। फर्नांडीस ने 2022 गोवा विधानसभा चुनाव में डाबोलिम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। उन्हें हालांकि इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। गोवा में लोकसभा चुनाव सात मई को एक ही चरण में होगा और मतगणना चार जून को होगी। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही उत्तर गोवा से श्रीपद नाइक और दक्षिण गोवा सीट से पल्लवी डेम्पो के नाम की घोषणा कर चुकी है।
