जौनपुर के भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह मुंबई में कर रहे चुनाव प्रचार
जागरण न्यूज ब्यूरो, मुंबई
रविवार को मुंबई में उत्तर भारतीयों की शीर्ष संस्था उत्तर भारतीय संघ में आयोजित जौनपुर प्रवासी सम्मेलन में भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने भावना व्यक्त करते हुए कहा कि, अपनी जन्मभूमि जौनपुर का कर्ज उतारना चाहता हूं। अगर, सांसद बना तो प्रवासियों की पीड़ा दूर करुंगा।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रहने वाले प्रत्येक उत्तर भारतीयों में से हर तीसरा व्यक्ति जौनपुर का है और मुंबई का हर छठवां नागरिक जौनपुर का मूल निवासी माना जाता है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री व जौनपुर से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह जौनपुरवासियों की इस ताकत को देखते हुए मुंबई के जौनपुर वासियों से संवाद किया। सम्मेलन का स्लोगन था ‘कृपा करा हो जौनपुर’।

उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर नहीं होने की वजह से लोगों को मुंबई और सूरत जैसे शहरों में आना पड़ता है। यहां के संपन्न और प्रवासी उद्योगपतियों की मदद से जौनपुर में कारखाने और उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित करूंगा। सिंह ने कहा कि उन्होंने मुंबई में कभी जाति और धर्म को देखकर कार्य नहीं किया। जो हमारे पास आया, उसकी समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किया। जौनपुर के विकास को लेकर कई योजना है। हमारा संकल्प है कि अगले दो से तीन साल बाद जौनपुर और आसपास के जिले के लोगों को रोजी रोटी के लिए किसी अन्य शहर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूर्वांचल विकास के पथ पर है। केंद्र और राज्य सरकार की मदद से जौनपुर को उन्नत जौनपुर बनाएंगे। सिंह ने मुंबई में रहने वाले प्रवासियों से अपील की कि जौनपुर के इस चुनावी यज्ञ में सभी अपनी एक आहुति डालें जिससे प्रवासियों की पीड़ा को दूर करने मे मदद मिले।

जौनपुर के मूल निवासी भाजपा विधायक राजहंस सिंह ने कहा कि जिस तरह रामसेतु बनाने में गिलहरी ने अपना योगदान दिया था उसी तरह हम भी जौनपुर के चुनाव में अपना योगदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी ने जो कार्य किया है उसका लाभ कृपाशंकर सिंह को मिलेगा। उनके सांसद बनने से जौनपुर के साथ ही मुंबई के उत्तर भारतीयों का भी काम होगा।

पूर्व सांसद हरिवंश सिंह ने कहा कि जौनपुर की लड़ाई आसान नहीं है। इसलिए हर मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचानी होगी।

उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कृपाशंकर सिंह संस्था के सदस्य हैं। इसलिए संस्था की तरफ से जौनपुर वासियों से साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जौनपुर के लोगों के अलावा सिंह के समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
