बजट 2026-27 का बजट आर्थिक मजबूती, आत्मनिर्भरता और सबका साथ, सबका विकास के तीन स्तंभों पर टिका है- पीयूष गोयल

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में भाजपा महाराष्ट्र की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय बजट 2026-27 पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का ब्लूप्रिंट बताया और कहा कि यह बजट गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, राष्ट्र-प्रथम और ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र को साकार करने वाला है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा “बजट 2026-27 विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव है – जो आर्थिक मजबूती, आत्मनिर्भरता और सबका साथ, सबका विकास के तीन स्तंभों पर टिका हुआ है। गोयल ने प्रधानमंत्री के हालिया ‘सेवा तीर्थ’ उद्घाटन भाषण का हवाला देते हुए कहा कि,“प्रधानमंत्री जी ने सभी से अपील की है कि हम गुलामी की मानसिकता से मुक्त होकर राष्ट्र-प्रथम भावना से कर्तव्य निभाएं। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट 2026 इसी भावना को नई उड़ान दे रहा है।”
उन्होंने बजट के तीन मुख्य स्तंभ बताए, जिसमें पहला है आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता। गोयल ने कहा, “इस बजट में देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने का केंद्रबिंदु है।” इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹12.21 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। हर एक रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च से अर्थव्यवस्था को 3 से 3.5 गुना बढ़ावा मिलता है। लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और टियर-2, टियर-3 शहरों में संतुलित विकास पर जोर दिया गया है।

दूसरा स्तंभ है 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना। MSME के लिए ₹10,000 करोड़ का ग्रोथ फंड और क्रेडिट गारंटी स्कीम को मजबूत किया गया। स्टार्टअप्स को ‘जॉब क्रिएटर्स’ बताते हुए कहा कि वे अब राष्ट्र की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। बड़े डेटा सेंटर्स को बढ़ावा – रिन्यूएबल एनर्जी से संचालित, विदेशी निवेश, रोजगार और सेवा निर्यात से विदेशी मुद्रा की कमाई। मुंबई-नवी मुंबई को सबसी केबल के कारण प्रमुख हब बनाने की योजना है। इस बार महाराष्ट्र के लिए बजट आवंटन बढ़कर लगभग ₹1 लाख करोड़ हो गया है। जिसके अंतर्गत रेलवे, बंदरगाह, तीन नए केमिकल पार्क और टेक्सटाइल पार्क शामिल किए गए हैं। तीसरा स्तंभ है सबका साथ, सबका विकास।

केंद्रीय मंत्री गोयल ने जोर दिया कि यह बजट “देश के हर कोने, हर गरीब, मध्यम वर्ग, गांव-शहर और पिछड़े-आदिवासी क्षेत्र के हर नागरिक के लिए है। साथ ही, उन्होंने कहा कि श्रम-गहन सेक्टरों को बढ़ावा देकर निर्यात और रोजगार दोनों बढ़ाना है। एक योजना से कई-कई फायदे देने का मॉडल, जिससे 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तेजी से पूरा होगा। गोयल ने कहा कि यह बजट सिर्फ आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि कर्तव्य, समानता, स्नेह और सर्वव्यापी विकास का दस्तावेज है, जो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इस अवसर पर भाजपा मुंबई अध्यक्ष विधायक अमित साटम , भाजपा महाराष्ट्र के प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान, अतुल शाह, मुंबई भाजपा महामंत्री श्वेता परुळकर उपस्थित थे।
******
