‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर “मंत्रालय” में होगा सामूहिक गायन
-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस करेंगे ‘सार्ध शताब्दी महोत्सव‘ का शुभारंभ

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के इस वर्ष 150 वर्ष पूरे होने पर महाराष्ट्र सरकार ने सामूहिक गायन का आयोजन किया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की उपस्थिति में सुबह 10 बजे मंत्रालय के त्रिमूर्ति प्रांगण में भव्य सामूहिक गायन होगा। राज्य के कैबिनेट मंत्री मगंल प्रभात लोढा ने बताया कि इस ऐतिहासिक गीत को लेकर पूरे साल ‘सार्ध शताब्दी महोत्सव‘ मनाया जायेगा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

मंत्री लोढ़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के आदेश दिए हैं। इसके मद्देनजर कौशल विकास विभाग की तरफ से राज्य में निबंध लेखन स्पर्धाएं, परिसंवाद, प्रदर्शनी और वक्तृत्व स्पर्धा आयोजित किया जाएगा। वहीं, राज्य के सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से राज्य भर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। लोढ़ा ने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा 1875 में रचित ‘वंदे मातरम्’ गीत में देशभक्ति की भावना को जागृत करने की अद्वितीय शक्ति है। इसी लिहाज से शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन आयोजित करने के लिए सरकारी परिपत्र और अध्यादेश जारी किए गए हैं।

आजमी के घर के बाहर गाएंगे वंदे मातरम
कैबिनेट मंत्री लोढा ने कहा कि राष्ट्रगीत का विरोध करने वाले सपा विधायक अबू आसिम आजमी, कांग्रेस विधायक अमीन पटेल व असलम शेख के घर के बाहर भाजपा के कार्यकर्ता वंदे मातरम गीत गाएंगे। मंत्री लोढा ने कहा कि मातृभूमि का वंदन करने वाले इस गीत का विरोध कर आजमी राष्ट्र विरोधी काम कर रहे हैं जबकि यह किसी जाति या धर्म के विरोध में नहीं है। राष्ट्रगीत केवल राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है।
—–
