बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कई जनसभाओं को संबोधित किया।

उनके साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे। फडणवीस ने मोहिउद्दीननगर, कुढ़नी, सिमरी बख्तियारपुर, परबत्ता, फुलवारी और उजियारपुर विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगा।

इस दौरान देवतुल्य जनता-जनार्दन से सभी भाजपा और एनडीए उम्मीदवारों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिहार का यह चुनाव युवाओं के भविष्य का फैसला करेगा। एनडीए की सरकार बनने पर अगले पांच साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरी देने का वादा किया।राजद पर हमला बोलते हुए फडणवीस ने कहा,
“लालटेन में तेल नहीं और बिहार चलाना बच्चों का खेल नहीं।” उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर छठी मैया का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की जनता ऐसे लोगों को जवाब देगी।फडणवीस ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास करेगा और एनडीए सरकार भारी बहुमत से सत्ता में लौटेगी।
बिहार दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ मोहिउद्दीननगर विधानसभा भाजपा के उम्मीदवार राजेश कुमार सिंह , कुढ़नी विधानसभा भाजपा के उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता , सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा एनडीए के उम्मीदवार संजय कुमार सिंह , परबत्ता विधानसभा एनडीए के उम्मीदवार बाबूलाल शौर्य , फुलवारी विधानसभा एनडीए के उम्मीदवार श्याम रजक , उजियारपुर विधानसभा एनडीए के उम्मीदवार प्रशांत कुमार पंकज इनके प्रचार हेतु आयोजित जनसभाओं में उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
