महाराष्ट्र का आधिकारिक लोगो बनाएं!
मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने जनता से किया आवाहन
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महान कवि और दार्शनिक बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा सन् 1875 में लिखे गए ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत को आगामी 7 नवंबर को 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा की संकल्पना से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत ‘वंदे मातरम्’ गीत 150 वी वर्षगांठ के अवसर पर “लोगो डिज़ाइन” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
‘वंदे मातरम्’ यह गीत देशभक्ति और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है और आज भी इसे सुनते समय भारतीयों के हृदय में देशप्रेम की ज्योति प्रज्वलित हो उठती है। इस महान साहित्यिक कृति के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न उपक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव का लोगो जनता की सहभागिता से तैयार हो, इसी उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, ऐसा मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढा ने स्पष्ट किया।

‘वंदे मातरम्’ गीत का ऐतिहासिक महत्व है और यह गीत देशप्रेम जगाने की शक्ति रखता है। भारतमाता के इस राष्ट्रगीत का गौरव जनता की उत्साही भागीदारी से होना चाहिए। इसलिए अपने मित्र-परिवार, संगठन, विद्यालय और महाविद्यालयों में तथा सामाजिक माध्यमों पर इस ऐतिहासिक आयोजन को व्यापक स्वरूप देने का हमारा प्रयास है। इस प्रतियोगिता में सभी को सहभागिता करनी चाहिए, ऐसा आवाहन मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने किया है। इसमें भाग लेने के लिए surl.lu/nmqcfx इस लिंक पर क्लिक करना होगा अथवा दिए गए विशेष क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा। प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 10 सितंबर रहेगी।

कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने बताया कि राज्य के कौशल विश्वविद्यालय, आचार्य चाणक्य कौशल विकास केंद्र, शासकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य के प्रत्येक तालुका में 5 हज़ार से अधिक देशभक्तों के साथ यह महोत्सव मनाया जाएगा, जिसकी रूपरेखा शीघ्र ही घोषित की जाएगी। इसके लिए 6 शासकीय और 7 अशासकीय सदस्यों की समिति बनाई गई है, जिनमें प्रतिष्ठित व्यक्तियों की सहभागिता रहेगी।
