जनता दरबार में शौचालयों के बारे में नागरिकों की अनेक शिकायतें
मंत्री लोढ़ा का नगर निगम आयुक्त को पत्र
मुंबई।
शौचालयों के ठेके के लिए मुंबई नगर निगम का 30 साल का करार अत्यंत जटिल है, जिसके कारण नागरिकों को सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। यह करार रद्द कर नई प्रक्रिया लागू की जाए, ऐसी सूचना कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री तथा मुंबई उपनगर के सहपालकमंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने की है। इस संदर्भ में लोढ़ा ने मुंबई नगर निगम आयुक्त श्री भूषण गगराणी को पत्र भी लिखा है। पालिका के एफ/नॉर्थ विभाग में आयोजित जनता दरबार में अनेक नागरिकों ने इस विषय पर शिकायतें दर्ज की थीं। इस अवसर पर विधायक प्रसाद लाड और कैप्टन तमिल सेल्वन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए मंत्रिमंडल के सदस्यों को सीधे जनता से संवाद करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा द्वारा नागरिकों की कठिनाइयों को जानने के लिए विभागवार जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सायन-कोलीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एफ/उत्तर विभाग में आयोजित जनता दरबार में नागरिकों ने शौचालयों के संबंध में अनेक समस्याएं बताईं। 30 साल का करार होने के कारण ठेकेदार मनमानी तरीके से शौचालय चला रहे हैं और किसी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं करा रहे, ऐसा नागरिकों ने कहा। कई स्थानों पर टपकती छत, अस्वच्छ शौचालय, खराब दरवाजे तथा बिजली की भी व्यवस्था न होने की बात नागरिकों ने रखी। इन समस्याओं पर मंत्री लोढ़ा ने तुरंत संज्ञान लिया और उपस्थित नगर निगम के सहायक आयुक्त श्री अरुण क्षीरसागर को इस संबंध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
सायन-कोलीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एफ/उत्तर विभाग में आयोजित इस जनता दरबार में ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर लगभग तीन सौ नागरिकों ने भाग लिया। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संपर्क साधने का अवसर मिलने पर नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया। गणेशोत्सव के दौरान सड़क मरम्मत, जल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी मंत्री लोढ़ा ने वरिष्ठ नगर निगम अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर विधायक श्री तमिल सेल्वन ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता दरबार आयोजित करने के लिए मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा का आभार व्यक्त किया।
