कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा के प्रयासों को मिली सफलता, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की घोषणा
जा. न्यूज संवाददाता
मुंबई। मुंबई के सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को पंडाल लगाने के लिए गड्ढा खोदने पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा वसूले जा रहे 15 हजार रुपये के जुर्माने के निर्णय पर अब पुनर्विचार किया जाएगा। इस मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों को सफलता मिली है, और आज उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस विषय में मनपा आयुक्त भूषण गगराणी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इस निर्णय के तहत अब पहले की तरह केवल 2000 रुपये शुल्क ही लिया जाएगा, जिससे हजारों गणेश मंडलों को सीधा लाभ होगा।
गणेश मंडलों के लिए यह एक राहत भरा निर्णय है, जिसमें कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा की भूमिका निर्णायक रही है। 30 जुलाई को मुंबई महानगरपालिका के सी विभाग कार्यालय में आयोजित ‘राजा छत्रपति समस्या समाधान शिविर’ में विभिन्न सार्वजनिक गणेश मंडलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। मंडलों की शिकायतें सुनने के बाद मंत्री लोढा ने इस जुर्माने के मुद्दे पर तत्काल समाधान का आश्वासन दिया था।
मंत्री लोढा ने शिविर में कहा था, “गणेशोत्सव महाराष्ट्र की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और इसे हर व्यक्ति उत्साह के साथ मना सके, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जल्द ही आयुक्त से मिलकर इसका समाधान निकालेंगे।” यह आश्वासन आज महायुति सरकार ने पूरा किया है, जिससे मुंबई के हजारों सार्वजनिक गणेश मंडलों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
—
