मुंबई को गुलज़ार करेंगी अयोध्या की संजोली पांडेय
अगस्त तक चलेगा,संजोली पेश करेंगी कजरी और मराठी गीत
जा.न्यूज संवाददाता
मुंबई। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था अभियान द्वारा दो दशकों से हो रहे कजरी महोत्सव व स्त्री शक्ति सम्मान में अयोध्या, उत्तरप्रदेश की मशहूर लोकगायिका संजोली पांडेय इस बार भी अवधी-भोजपुरी के गीतों की छँटा बिखेरेंगी।सावन महोत्सव की विशेषता यह है कि अयोध्या से आई कजरी क्वीन संजोली पांडेय मराठी गीत भी प्रस्तुत करेंगी। ७ अगस्त से १७ अगस्त तक विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संग अभियान संस्था मुंबई और उसके आसपास के इलाक़े को कजरीमय कर देगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना एक भारत श्रेष्ठ भारत को समर्पित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करनेवाली चुनिंदा महिलाओं को स्त्री शक्ति सम्मान दिया जाएगा।
मुंबई बीजेपी के उपाध्यक्ष व इस महोत्सव के संयोजक अमरजीत मिश्र ने कहा कि मुम्बई के आसमान पर बादलों ने डेरा जमा लिया है और रोज़ जमकर बरसात हो रही है। ऐसे में मुंबई की आबोहवा में पूरबिया रंग घोलने के लिए संजोली पांडेय का आगमन हो रहा है।पिया मेहंदी लिया दा मोतीझील से … हमके सावन में झूलनी गढ़ा दा पिया… आदि कजरी गीतों के सांस्कृतिक झूले पर बैठे लोग अपनी अमराई – पगडंडियों का दृश्यावलोकन भी करेंगे।साथ ही संजोली मराठी गीत गाकर यह भी संदेश देंगी कि गीत-संगीत की कोई भाषा नहीं होती, उसमें होता है सिर्फ़ अपनत्व।
महोत्सव की शुरुआत ७ अगस्त को शाम ६ बजे से दीपक जायसवाल व जयनारायण तिवारी की संस्था बेलीफ़ फाउंडेशन द्वारा अंधेरी पूर्व के जे बी नगर स्थित गोयंका हॉल से होगी। अपने लोकगीतों की थाती को बचाने के अभियान के इस पुनीत कार्य में डॉ शीतलाप्रसाद दुबे,भाजपा नेता आई पी मिश्र, दिनेश दुबे,संतोष दीक्षित,अमित ओमप्रकाश दुबे, संतोष जायसवाल,शिवदयाल मिश्र,अखिलेश मिश्र, राकेश सिंह, शम्भू सिंह ,ममता गुप्ता, जय तिवारी, दीपक जायसवाल, जटाशंकर दुबे, जिलाजीत तिवारी, रमेश यादव, मनोज सिंह,अरविंद यादव, अनिल कनौजिया, उपेंद्र सिंह आदि आयोजकगण महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
—–
