मुंबई,
महाराष्ट्र के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप्स को अब वैश्विक आईटी कंपनी गूगल का सहयोग प्राप्त होनेवाला है, जिससे इन स्टार्टअप्स को दुनिया भर में उद्योग के नए अवसर मिल सकेंगे। इस संदर्भ में गूगल के वेंचर कैपिटल एंड स्टार्टअप पार्टनरशिप विभाग के प्रमुख डॉ. अपूर्व चमारिया ने आज कौशल, रोजगार, उद्यमिता व नवाचार मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढा से मंत्रालय स्थित कक्ष में भेंट कर विस्तृत चर्चा की।
मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढा महाराष्ट्र के स्टार्टअप्स को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में, गूगल के सहयोग से राज्य में औद्योगिक विकास के लिए नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। डॉ. अपूर्व चॅमरिया ने मंत्री लोढा से मुलाकात कर इस पहल की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर कौशल विभाग के आयुक्त श्री लहुराज माळी तथा मुख्यमंत्री मा. श्री देवेंद्र फडणवीस के विशेष कार्य अधिकारी श्री कौस्तुभ धवसे भी उपस्थित थे।
गूगल ने अब तक 9 देशों में AI प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए हैं। भारत में भी इसी प्रकार का सेंटर शुरू करने की योजना पर काम हो रहा है, जिसकी जानकारी डॉ. चॅमरिया ने दी। चयन प्रक्रिया के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले स्टार्टअप्स को इस केंद्र से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह भारत का पहला ऐसा सेंटर होगा, जिससे महाराष्ट्र के युवा उद्यमियों के लिए वैश्विक मंच के द्वार खुलेंगे, ऐसा विश्वास मंत्री लोढा ने इस अवसर पर व्यक्त किया।
इस पहल के संबंध में प्राथमिक चर्चा शुरू हो चुकी है और जल्द ही एक औपचारिक समझौता किया जाएगा। इसके साथ ही, गूगल ने ITI छात्रों के लिए भी अत्याधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू करने की इच्छा जताई है।
