“वन विंडो सिस्टम” से गणेश मंडलों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी
महानगरपालिका के डी वॉर्ड कार्यालय में गणपति मंडलों के साथ समन्वय बैठक संपन्न
मुंबई,
मुंबई में मनाया जानेवाला गणेशोत्सव विश्वप्रसिद्ध है, और इस वर्ष यह उत्सव अविस्मरणीय रूप में मनाया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गणेश मंडलों और भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, ऐसा आश्वासन राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढा ने दिया। मंत्री लोढा की अध्यक्षता में मुंबई महानगरपालिका के डी विभाग कार्यालय में गणेश मंडलों के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में महापालिका के उपायुक्त मनीष वळंजू, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति के सचिव श्री गिरीश वालावलकर और गणेश मंडलों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मंत्री श्री लोढा ने उपस्थित गणेश मंडलों के पदाधिकारियों से संवाद सांझा किया और उनकी समस्याओं को समझा। उन्होंने उन समस्याओं के समाधान हेतु महापालिका अधिकारियों को त्वरित निर्देश दिए। गणेश मूर्तियों के आगमन और विसर्जन के दौरान होनेवाली यातायात की भीड़ को देखते हुए उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि रास्तों पर खड़ी लावारिस और अवैध रूप से पार्क की गई गाड़ियों को तुरंत हटाया जाए ताकि मार्ग सुगम रहे। हर वर्ष की तरह इस बार भी “वन विंडो सिस्टम” के माध्यम से मंडलों को ऑनलाइन अनुमति पत्र देने में किसी प्रकार की देरी न हो, इस बात का भी उन्होंने विशेष ध्यान रखने को कहा।
भक्तों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की जगह जैसी सभी आधारभूत सुविधाओं की पूर्ति के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।
मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढा ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव को राज्य उत्सव का दर्जा मिल चुका है और इस वर्ष से यह उत्सव विशेष अंदाज में मनाया जाएगा। मुंबई महापालिका, बेस्ट प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से दक्षिण मुंबई के ताडदेव, गिरगांव, वाळकेश्वर, खेतवाड़ी और लमिंग्टन रोड जैसे क्षेत्रों में विविध प्रकार की सजावट की योजना भी बनाई जा रही है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी अपील की कि न्यायालय के निर्देशों और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए सभी लोग मिलकर यह उत्सव भव्य और उत्साहपूर्वक मनाएं।
