किशमिश की अवैध आयात रोकने की मांग
मुंबई। चीन से कर चोरी करके निम्न गुणवत्ता वाले किशमिश की बड़े पैमाने पर अवैध आयात हो रही है जिससे देशी किशमिश के भाव गिर गए हैं। खासतौर से महाराष्ट्र के अंगूर उत्पादक किसानों को भारी नुकसान सहन करना पड़ रहा है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है और मांग की है कि चीन से हो रही किशमिश की अवैध आयात को तत्काल रोका जाए।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने किशमिश की आयात पर प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर महाराष्ट्र और देशभर के अंगूर उत्पादक किसानों के मुद्दों की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि चीन से निम्न गुणवत्ता वाले किशमिश की अवैध आयात में वृद्धि हुई है। आयात शुल्क और करों की चोरी करके किशमिश को बड़े पैमाने पर भारत लाया जा रहा है। इससे राष्ट्रीय खजाने को नुकसान हो रहा है। वहीं, अवैध आयात के कारण देश में उत्पादित किशमिश के दाम प्रति किलोग्राम 100 से 125 रुपये तक गिर गए हैं। इसलिए अवैध किशमिश का आयात रोकने के लिए केंद्र सरकार को तत्काल उपाय करने चाहिए।
चीन से किशमिश की अवैध आयात से देशी किशमिश के भाव गिरे
महाराष्ट्र राज्य द्राक्ष (अंगूर) उत्पादक संघ पुणे ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाकात कर उनका ध्यान आकर्षित किया था और इस समस्या के समाधान की मांग की थी, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। अजित पवार ने मांग की है कि आयातित किशमिश की गुणवत्ता की जांच और कर वसूली के लिए बंदरगाहों, हवाई अड्डों और बाजारों में इसकी जांच कर वसूली तंत्र को मजबूत किया जाना चाहिए। साथ ही, अंगूर उत्पादक किसानों के आर्थिक नुकसान को रोकने के लिए किशमिश के दाम स्थिर रखने हेतु आवश्यक उपाय किए जाने चाहिए।
