
क्या आज की रात ही कयामत की रात होगी ?
ईरान करेगा इजरायल पर हमला. क्योंकि तेल अवीव, तेहरान, बेरूत , अम्मान और एरबिल के लिए 21 अगस्त तक फ्लाइट्स कैंसिल हो गई है. अमेरिकी नौसेना मिडिल-ईस्ट पहुंच रही है. तैयारी ऐसी है जैसे आज यानी 12 अगस्त 2024 की रात ईरान करेगा इजरायल पर घातक हमला.
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में लेडी डॉक्टर से रेप और मर्डर केस मामला
आज सोमवार से पूरे देश के रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं. रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन ‘फेडरेशन ऑफ आल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन’ ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान कर दिया है. सभी सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन इस हड़ताल में शामिल हो रहे हैं. इसी बीच पुलिस पूछताछ में आरोपी अपराधी संजय रॉय के बारे में कई बड़े खुलासे किए हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी ने शराब पीते हुए अश्लील फिल्म देखने के बाद वारदात को अंजाम दिया है. पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर की हत्या के बाद एक बार फिर निर्भया गैंगरेप की यादें ताजा हो गईं. क्योंकि कोलकाता के केस में भी दरिंदगी की सारी हदें पार हो गईं. इस बीच देश की राजधानी के एम्स अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टरों ने विरोध में कैंडल मार्च निकाला. रेजिडेंट डॉक्टरों के देशव्यापी संगठन फेडरेशन ऑफ आल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने सोमवार से देश के सभी सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) से हड़ताल का ऐलान किया है.

बिहार के जहानाबाद-मखदुमपुर के सिद्धेश्वर मंदिर में भगदड़, सात लोगों की मौत
बिहार के जहानाबाद-मखदुमपुर के सिद्धेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह भगदड़ मचने की खबर है. इस भगदड़ में सात लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं. मृतकों में पांच महिलाएं और दो पुरुष हैं. सावन के सोमवार की वजह से भारी संख्या में पूजा के लिए श्रद्धालु जुटे थे. मंदिर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी. पुलिस का कहना है कि सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर भगवान शिव को जलाभिषेक चढ़ाने के लिए मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर भगदड़ मच गई. कतार में खड़े भक्तों की धक्का-मुक्की से रेलिंग टूट गई और ये हादसा हो गया.
अडानी प्रकरण में हिंडनबर्ग की एक और चौंकाने वाली रिपोर्ट,सेबी की चेयरमैन पर गंभीर आरोप
संसद का मॉनसून सत्र खत्म होने के साथ ही देश की सियासत में एक बड़ा भूचाल आ गया है. दरअसल अडानी प्रकरण में हिंडनबर्ग की एक और चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. इस रिपोर्ट में सेबी की चेयरमैन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट में किए गए खुलासे ने एक बार फिर बीजेपी और पूरे विपक्ष को आमने-सामने खड़ा कर दिया है. कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) समेत अन्य विपक्षी दल बीजेपी पर हमलावर हैं। बीजेपी भी इस मुद्दे पर खुलकर विरोधियों को जवाब दे रही है. अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च आरोप लगाया है कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की अध्यक्ष माधवी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच की अडानी समूह के कथित धन शोधन घोटाले में इस्तेमाल की गईं संदिग्ध विदेशी कंपनियों में हिस्सेदारी थी. हिंडनबर्ग ने कहा कि भारतीय शेयर बाजार नियामक सेबी ने अडानी समूह के खिलाफ कोई सार्वजनिक कार्रवाई नहीं की बल्कि अमेरिकी शॉर्ट सेलर को ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया. हिंडनबर्ग के ताजा आरोपों पर भारतीय शेयर बाजार कैसी प्रतिक्रिया देगा, यह जानने को सभी उत्सुक है.
