मच्छार बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में सह-पायलट द्वारा चाकू मारे जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे जिससे यात्रियों को हमलावर को काबू में करने का मौका मिला। विमान में 174 यात्री सवार थे और वह सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतरा, जहां अधिकारियों ने सह-पायलट को हिरासत में ले लिया।
‘गल्फ न्यूज’ के अनुसार, यूएई के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार अनवर गर्गाश ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार अत्यधिक प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने एक गंभीर आतंकवादी घटना और संभावित बड़ी त्रासदी का सामना करते हुए साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया।’’
गर्गाश ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘सबसे कठिन परिस्थितियों में दिखाई गई उनकी पेशेवर दक्षता और नैतिक दृढ़ता उन्हें सच्चा नायक बनाती है।’’उन्होंने कहा कि भविष्य में चरमपंथ और आतंकवाद की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने साथ ही इस हमले को लेकर साजिश के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के खिलाफ आगाह किया।
फ्लाईदुबई का विमान सऊदी अरब के तबुक में उतरा था। वहां एक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मच्छार को आगे के इलाज के लिए अबू धाबी ले जाया गया।यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने बृहस्पतिवार को कहा कि मच्छार की ‘‘सेहत ठीक है और उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।’’
मित्तल ने पायलट के परिवार से भी मुलाकात की और इस ‘‘भारतीय नायक’’ का अच्छा स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने में भारत सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग दिए जाने का भरोसा दिलाया।
*******
