नासिक में भाजपा के बागी उम्मीदवार चुनाव जीता, शिंदे को झटका

महाविकास अघाड़ी का सूपड़ा साफ
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बागी उम्मीदवार गोकुल गीते ने सोमवार को बड़ा उलटफेर करते हुए महाराष्ट्र विधान परिषद की नासिक जिला स्थानीय निकाय क्षेत्र की सीट पर जीत दर्ज की। उन्होंने सत्तारूढ़ शिवसेना के उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को पराजित किया। इससे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को झटका लगा है। वहीं, विपक्षी गठबंधन शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) की महाविकास अघाड़ी का सूपड़ा साफ हो गया।
नांदेड़, औरंगाबाद-जालना तथा उस्मानाबा-लातूर-बीड़ सीट पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। राज्य विधानमंडल के उच्च सदन की 11 सीटों के लिए 18 जून को हुए चुनावों की मतगणना हुई। विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने सबसे अधिक कुल 11 में से 11 सीटें जीती हैं। शिवसेना ने 3 सीटें और राष्ट्रवादी कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं। शिवसेना ने 4 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने जीत दर्ज की है। विधान परिषद की 17 सीटों में से छह निर्विरोध चुने गए उम्मीदावरों में रवीन्द्र फाटक (शिवसेना) ठाणे, अनिकेत तटकरे (एनसीपी) कोकण, विक्रम काकडे (एनसीपी) पुणे, प्राजक्ता तानपुरे (भाजपा) अहिल्यानगर, दुष्यंत चतुर्वेदी (भाजपा) यवतमाल, अरुण लखानी (भाजपा) वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर।
द्विवार्षिक चुनाव मूल रूप से 17 सीटों के लिए अधिसूचित किए गए थे, जिनमें एक उपचुनाव भी शामिल था लेकिन केवल 11 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की आवश्यकता पड़ी क्योंकि भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार की राकांपा से मिलकर बने महायुति गठबंधन के उम्मीदवार छह सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, गीते ने 357 वोट हासिल किए जबकि दराडे को 248 वोट मिले। इस तरह उन्होंने 109 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उनकी यह जीत चौंकाने वाली मानी जा रही है, क्योंकि उम्मीद थी कि उन्हें सत्तारूढ़ दल के उम्मीदवार से कड़ी टक्कर मिलेगी। दराडे एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना से हैं।
शिवसेना एमएलसी मनीषा कायंदे ने परिणाम पर संदेह जताते हुए कहा, ”परिणाम को लेकर गंभीर संदेह है क्योंकि हमें आश्वासन दिया गया था कि हमारे उम्मीदवार का समर्थन किया जाएगा।” गणना केंद्र से यह स्पष्ट होने के बाद कि अधिकतर स्थानीय प्रतिनिधियों ने गीते के पक्ष में मतदान किया है, दराडे निराश होकर वहां से चले गए। गणना केंद्र पर उस समय कुछ तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब गीते वहां पहुंचे और उन्होंने दराडे के भाई तथा नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान एमएलसी किशोर दराडे की उपस्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई। इससे दोनों उम्मीदवारों और उनके समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया। नासिक निर्वाचन क्षेत्र में तब से विवाद देखा जा रहा था जब गीते ने दराडे के खिलाफ अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दराडे ने उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।
*******
