
“ट्रम्प टॉवर” का नाम व्यावसायिक साझेदारी के कारण; इसका किसी प्रकार के गौरव से संबंध नहीं
मेरा व्यवसाय पूरी दुनिया जानती है। आप मुझसे बड़ी गाड़ी में घूमते हैं, लेकिन आपका व्यवसाय कौन जानता है?
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई स्थित किंग एडवर्ड मेमोरियल (केईएम) अस्पताल का नाम बदलने का प्रस्ताव रखने वाले महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने मंगलवार को ब्रिटिश राजा किंग एडवर्ड को ‘किंग कसाब’ की संज्ञा दी। लोढ़ा ने कहा कि किंग एडवर्ड ने भारत को लूटा और लाखों भारतीयों की हत्या की। राज्य विधान परिषद में भाजपा नेता लोढ़ा ने यह भी कहा कि जो लोग ‘किंग एडवर्ड’ का समर्थन करते हैं, उनकी निंदा की जानी चाहिए।
किंग एडवर्ड मेमोरियल (केईएम) अस्पताल के नाम परिवर्तन के संबंध में आज विधान परिषद में माननीय मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने विपक्ष को करारा जवाब दिया। लोढ़ा ने स्पष्ट रूप से कहा कि ब्रिटिश शासनकाल भारत के शोषण का काल था। उन्होंने कहा, “किंग एडवर्ड भारत के लिए गौरव का विषय नहीं है, बल्कि वह गुलामी के दौर का प्रतीक है। किंग एडवर्ड ने भारत को गुलाम बनाया था और देश की संपत्ति लूटकर इंग्लैंड ले गया था। यह कहना कि किंग एडवर्ड ने धन दिया था, पूरी तरह भ्रामक है।
मंत्री लोढा ने कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि लाखों भारतीयों की मृत्यु के लिए जिम्मेदार किंग एडवर्ड कसाब जैसा व्यक्ति था। उन्होंने कहा कि केईएम के नाम परिवर्तन के लिए हमने तीन नामों के विकल्प दिए हैं और सरकार इस संबंध में उचित निर्णय लेगी। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित तीनों नामों में से किसी भी विकल्प का चयन किया जाए, उसका संक्षिप्त रूप ‘केईएम’ ही रहेगा। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के केईएम अस्पताल का नाम बदलने का अनुरोध प्राप्त हुआ है लेकिन अभी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
“मध्य मुंबई के परेल इलाके में स्थित किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल का नाम ब्रिटिश राजा किंग एडवर्ड सप्तम के सम्मान में रखा गया था। वह महारानी विक्टोरिया के सबसे बड़े बेटे थे और उन्होंने 1901 से 1910 तक शासन किया था।”
कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने ट्रम्प टॉवर का नाम बदलने को लेकर प्रश्न उठाए जाने पर कहा कि ट्रम्प नाम केवल व्यावसायिक साझेदारी के कारण दिया गया है और इसका किसी भी प्रकार के गौरव या महिमामंडन से कोई संबंध नहीं है। इस दौरान विधान परिषद सदस्य मिलिंद नार्वेकर ने मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के व्यवसाय पर प्रश्न उठाया। इस पर पलटवार करते हुए लोढ़ा ने कहा, “मेरा व्यवसाय पूरी दुनिया जानती है और मेरी आय का स्रोत भी सभी को ज्ञात है। लेकिन आपका व्यवसाय क्या है, यह हमें नहीं पता। फिर भी आप मुझसे बड़ी गाड़ी में घूमते हैं।
*****
