विद्यार्थियों ने जीते 4 स्वर्ण पदक सहित 17 पदक
कौशल विकास मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने विद्यार्थियों को दी बधाई

केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी की प्रमुख उपस्थिति में नई दिल्ली में सम्मान समारोह संपन्न
जा. न्यूज़ संवाददाता
नई दिल्ली। विद्यार्थियों की कौशल आधारित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाली राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल करते हुए कुल 17 पदक जीते हैं, जिनमें 4 स्वर्ण पदक शामिल हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कौशल विकास मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने विद्यार्थियों को बधाई दी है।
केंद्रीय कौशल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी की प्रमुख उपस्थिति में विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आगामी सितंबर माह में चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारतीय दल भी भाग लेगा।
इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण केवल रोजगार के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, जिसमें कौशल आधारित प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘पीएम सेतु’ योजना ने देशभर में कौशल विकास को गति दी है। इसी तर्ज पर राज्य में माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कई महत्वपूर्ण कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, और आज प्राप्त हुए पदक उसी का परिणाम हैं।

राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने 4 स्वर्ण, 8 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर कुल 17 पदकों के साथ उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि उत्कृष्टता और समर्पण का प्रतीक है। सभी पदक विजेताओं को अब नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा, और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी शंघाई में आयोजित वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
केंद्रीय कौशल विकास मंत्री श्री जयंत चौधरी जी ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उभरते नए भारत का प्रतिबिंब है। आज भारत के कौशल प्रशिक्षित युवा दुनिया भर में विभिन्न उद्योगों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भी भारतीय विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि कांस्य पदक विजेताओं को 50 हजार रुपये, रजत पदक विजेताओं को 75 हजार रुपये और स्वर्ण पदक विजेताओं को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इस समापन समारोह में राजस्थान के कौशल विकास मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बिहार के मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’, हरियाणा के मंत्री म गौरव गौतम, तथा उत्तर प्रदेश के युवा कल्याण एवं कौशल विकास मंत्री कपिलदेव अग्रवाल भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और आगामी वैश्विक प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।
*****
