आत्मनिर्भर नए भारत के निर्माण की प्रक्रिया में मील का पत्थर साबित होने वाला बजट : कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर नए भारत के निर्माण की प्रक्रिया में मील का पत्थर साबित होने वाला यह बजट आज केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारामन जी द्वारा प्रस्तुत किया गया है। विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में कदम आगे बढ़ रहे हैं और वित्तीय वर्ष 2026-27 में 7.4 प्रतिशत विकास दर के लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा, ऐसा मत कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने व्यक्त किया।
मंत्री लोढ़ा ने कहा कि देश के मध्यम वर्ग, गरीबों और किसानों को समृद्ध बनाने वाला यह बजट आर्थिक प्रगति के शिखर तक पहुंचने वाला सिद्ध होगा। किसानों के लिए बहुभाषी एआई तकनीक विकसित कर अत्याधुनिक कृषि को प्रोत्साहन दिया जाएगा। ‘बायो-फार्मा मिशन’ न केवल दवाओं की कीमतें कम करने वाला है, बल्कि वैश्विक दवा बाजार में भारत को दवा निर्माण का एक ग्लोबल हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिक्षा क्षेत्र पर विशेष जोर, खुलेंगे तीन आयुर्वेदिक महाविद्यालय
मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि इस बजट में शिक्षा क्षेत्र पर भी विशेष जोर दिया गया है। पांच नए विश्वविद्यालयों के साथ तीन आयुर्वेदिक महाविद्यालयों की स्थापना की जाएगी। इससे भारतीय आयुर्वेद शास्त्र को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। इसी के साथ डिजिटल और क्रिएटिव स्किल्स को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ABGC कंटेंट क्रिएटर लैब शुरू करने की योजना बनाई है। इसके तहत 15 हजार माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में कंटेंट क्रिएटर लैब की शुरुआत की जाएगी, जिससे छात्रों को डिजिटल तकनीक आधारित कौशल शिक्षा प्राप्त होगी। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए प्रत्येक जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा भी वित्त मंत्री द्वारा की गई है।
सिर्फ बड़े ही नहीं, छोटे शहरों में भी होगा बुनियादी ढांचे का विकास
मंत्री लोढा ने कहा कि बजट प्रावधान में बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। देशभर में सात हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनमें मुंबई और पुणे को जोड़ा जाएगा। इससे महाराष्ट्र के व्यापारियों और किसानों को भी लाभ होगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा एमएसएमई (MSME) क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के उद्देश्य से छह क्षेत्रों में बड़े बदलावों की घोषणा की गई है।
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री लोढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की दूरदृष्टि से परिपूर्ण यह बजट केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारामन जी द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जो भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
***
