विधायक शेख के कार्यालय के पास स्थानीय लोगों का जोरदार प्रदर्शन

मामला दर्ज करने की मांग को लेकर बीजेपी नेताओं का भी धरना
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ के खिलाफ लगातार आवाज उठाने वाले मुंबई उपनगर के सह-पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा को मालवणी के कांग्रेस विधायक असलम शेख द्वारा दी गई धमकी के बाद वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है। हजारों स्थानीय नागरिकों के साथ रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मालवणी की सड़कों पर उतर आए।

“बांग्लादेशी और रोहिंग्या को भगाओ, मुंबई बचाओ, देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने देंगे” — इन नारों से मालवणी का परिसर गूंज उठा। शेख द्वारा दी गई धमकी के विरोध में मामला दर्ज करने की मांग को लेकर बीजेपी विधायकोने भी मालवणी पुलिस स्टेशन में धरना दिया।स्थानीय नागरिकों ने मुंबई उपनगर के सह-पालक मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा को कई शिकायतें की थीं कि मालवणी के कांग्रेस विधायक असलम शेख बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इस पर लगातार प्रशासन के साथ फॉलो-अप करके उस क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी रंजिश में शेख ने मंत्री लोढ़ा और उनके परिवार को खत्म कर देने की धमकी दी है। इस धमकी की शिकायत लोढ़ा ने मुंबई पुलिस आयुक्त के पास भी की है। अब इसके व्यापक परिणाम दिखने लगे हैं और स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतर आए हैं। संघर्ष और तीव्र होता दिख रहा है और स्थानीय लोगों ने शेख के बैनर फाड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी इस आंदोलन में शामिल हुए। इस आंदोलन में बीजेपी नेता— विधायक अतुल भातखळकर, प्रवीण दरेकर, मनीषा चौधरी और संजय उपाध्याय भी उपस्थित थे।

संजय उपाध्याय ने कहा कि राज्य के मंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को कोई विधायक खुलेआम जान से मारने की धमकी देता है, यह अत्यंत गंभीर मामला है। हम इसका विरोध कानून का पालन करते हुए कर रहे हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ी तो शेख को उनकी ही भाषा में जवाब देने की क्षमता हम रखते हैं।
प्रवीण दरेकर ने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ किसी भी हालत में बरदाश्त नहीं की जाएगी। जो लोग इन घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक असलम शेख के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर हमने मालवणी पुलिस स्टेशन में भी धरना दिया है और अब पुलिस प्रशासन कार्रवाई करेगा।
विधायक अतुल भातखळकर ने कहा कि यह केवल बीजेपी बनाम कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा को लेकर जनता बनाम कांग्रेस का संघर्ष है। आंदोलन में बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, महिला पदाधिकारियों तथा सकल हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विधायक असलम शेख के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई न होने पर आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी भी दी गई।
इससे पहले मंत्री लोढ़ा ने मुंबई पुलिस आयुक्त को शिकायत दी थी और मुंबई भाजपा अध्यक्ष साटम ने कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा था कि मालवणी पैटर्न उखाड़ फेकेंगे। राज्य के कौशल विकास मंत्री तथा मुंबई उपनगर के सह-पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने असलम शेख के विधानसभा क्षेत्र मालवनी में रह रहे हजारों रोहिंगे और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाया है। प्रशासन के माध्यम से वहां अनाधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई शुरू है। पहले चरण में प्रशासन ने 9,000 वर्ग मीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया है और कार्रवाई जारी है। लोढ़ा ने कहा कि एक तरफ मुंबई जैसा अंतरराष्ट्रीय शहर आतंकवादियों की हिट लिस्ट में है, और दूसरी ओर विधायक असलम शेख मालवनी में अवैध निर्माण को संरक्षण देकर मुंबई की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। यह हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।
—
