अल्पकालिक रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम महाराष्ट्र के युवाओं के लिए प्रगति का स्वर्ण अवसर – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी
महाराष्ट्र कौशल विकास विभाग की प्रधानमंत्री मोदी ने की सराहना
जा.न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जानेवाले लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के कौशल विकास विभाग की सराहना करते हुए कहा कि आज से आईटीआई में शुरू हुए अल्पकालिक पाठ्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार का स्वर्ण अवसर हैं। उन्होंने कहा कि देश तेज़ी से प्रगति कर रहा है और युवाओं के लिए यह अवसरों का स्वर्णकाल है।

नवी मुंबई हवाई अड्डे के लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री मोदीजी के हाथों इन अल्पकालिक पाठ्यक्रमों का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महाराष्ट्र के युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभ हाथों से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का लोकार्पण संपन्न हुआ। इसी अवसर पर उनके हाथों राज्य की 419 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) और 141 शासकीय तकनीकी विद्यालयों में अल्पकालिक पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम में राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ, कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवोन्मेष मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन अल्पकालिक पाठ्यक्रमों में समय की मांग के अनुरूप अत्याधुनिक विषय जैसे रोबोटिक्स, ग्रीन हाइड्रोजन, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर एनर्जी, साइबर सिक्योरिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आदि शामिल किए गए हैं। ये पाठ्यक्रम प्रशिक्षुओं को नई प्रगति के मार्ग पर ले जाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि देशभर की आईटीआई को अत्याधुनिक तकनीक से लैस कर उन्हें विश्वस्तरीय रोजगारोन्मुख संस्थान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने हाल ही में 60,000 करोड़ रुपये की ‘पीएम सेतु योजना’ शुरू की है, जिससे देश के युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस अवसर पर आईटीआई के अल्पकालिक रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कौशल विकास को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में नया भारत बन रहा है और इस युग में अत्याधुनिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से हम “कौशलयुक्त महाराष्ट्र” का निर्माण करेंगे।इस बीच, राज्य के कौशल विकास विभाग ने बताया कि जहां पंजीकरण का लक्ष्य 75,000 का था, वहीं शुभारंभ के दिन ही लगभग 1,03,000 से अधिक विद्यार्थियों ने नामांकन कर इस पहल को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद दिया है। अगले वर्ष तक यह संख्या 5 लाख से अधिक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इधर पीएम ने किया उदघाटन उधर, शुरू शुरू हुआ पाठ्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी ने नवी मुंबई में ‘अल्पकालिक रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम’ नामक इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्घाटन किया। वहीं, राज्यभर में 560 संस्था, जिनमें शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और तकनीकी विद्यालय शामिल हैं, वहां एक साथ विश्वकर्माओं की प्रमुख उपस्थिति में इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस अवसर पर कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि सुदृढ़ और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण के लिए श्रमिकों को सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए, प्रधानमंत्री मोदीजी की यही सोच हम इस पहल के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
