22 जनवरी को केंद्र सरकार द्वारा अर्ध अवकाश घोषित ,कई राज्यों में भी सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान
मुस्लिम समाज भी अपने घरों में चरांगा कर ,होंगे खुशी में शामिल
राम मंदिर उद्घाटन को लेकर जोर-शोर से चल रही तैयारियों के बीच केंद्र की मोदी सरकार ने आज बड़ा ऐलान किया है . केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने घोषणा की कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा यानी 22 जनवरी को आधे दिन के लिए सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।

22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। इस दिन अयोध्या में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। देश के कई वीवीआईपी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। राम मंदिर ट्रस्ट ने इस मौके के गवाह बनने वाले सभी वीवीआईपी लोगों के स्वागत और सम्मान के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। उन्हें विशेष उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।

22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का प्राथमिक अनुष्ठान लक्ष्मीकांत दीक्षित के नेतृत्व में पुजारियों की एक टीम द्वारा किया जाएगा। मेहमानों के लिए स्मृति चिन्ह के रूप में मंदिर से पूजनीय राम राज मिट्टी एक मुख्य आकर्षण है। दैवीय कृपा के प्रतीक इस पवित्र उपहार का उपयोग घर के बगीचों या फूलों के गमलों में किया जा सकता है, जिससे आध्यात्मिक माहौल में वृद्धि होती है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल न हो पाने वालों को भी भविष्य में यह सार्थक उपहार मिल सकता है।

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता देशभर में अपने घरों में चरागां कर जश्न मनाएंगे। इस दौरान घरों को मोमबत्ती और दीयों से रोशन किया जाएगा। मंच ने मुस्लिम समुदाय से अपने-अपने घरों में दीये रोशन करने की अपील की है।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक सैयद रजा हुसैन रिजवी ने कहा ,
श्रीराम देश के राष्ट्र नायक हैं। उनकी जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अल्लाह के रसूल सल. की हदीस है जिस मुल्क में रहो उस मुल्क के कानून पर अमल करो। उन्होंने कहा कि मुसलमान मुल्क का बेहतरीन हिस्सा हैं और अमन व शांति से निवास करते आ रहे हैं।
मुसलमान भी अन्य धर्म के मानने वालों की तरह देश का विकास चाहता है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता देश भर में अपने-अपने घरों में चरागां कर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मनाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा तक तमाम दरगाहों पर चादर पेश कर चरागां किया जाएगा।
इस भव्य ऐतिहासिक मौकों पर देश के कई राज्यों ने छुट्टी की घोषणा की है। घोषणा करने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।

उतार प्रदेश- 22 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
मध्य प्रदेश- मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 22 जनवरी को स्कूल की छुट्टी घोषित की है।
गोवा सरकार ने भी 22 जनवरी को अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के मद्देनजर सरकारी कर्मचारियों और स्कूलों के लिए छुट्टी की घोषणा की है।
छत्तीसगढ़- छत्तीसगढ़ सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर में मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का जश्न मनाने के लिए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में 22 जनवरी को छुट्टी घोषित कर दी है।
हरियाणा- हरियाणा सरकार ने भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर 22 जनवरी को स्कूल बंद रखने की घोषणा की है।
