पी. एन. दोशी महाविद्यालय , मुंबई में विश्व हिंदी दिवस पर कार्यक्रम संपन्न

मुख्य अतिथि के तौर पर हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सनोज मिश्र

मुम्बई . घाटकोपर स्थित श्रीमती पी. एन. दोशी महिला महाविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक श्री सनोज मिश्रा उपस्थिति थे। विशेष अतिथि के रूप में यशोमणि के यशस्वी संपादक श्री ओम प्रकाश तिवारी तथा हिंदी प्रेमी एवं विशेषज्ञ श्री दीपक सोथा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आरंभ सरस्वती वंदना और विश्वविद्यालय गीत से हुआ।

कार्यक्रम की प्रस्तावना व अतिथि परिचय हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश दुबे ने दिया। साथ ही उन्होंने विश्व हिन्दी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। अतिथियों का स्वागत शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और तुलसी का पौधा देकर किया गया। स्वागत वक्तव्य प्राचार्या डॉ. आशा मेनन ने हिंदी भाषा को सबको जोड़ने वाली भाषा बताया और हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश दुबे को ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के लिए बधाई दिया और इसे हिंदी के उत्थान के लिए अनिवार्य बताया।

उपप्राचार्या डॉ. माधुरी वैद्य ने हिंदी के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए आयामों पर चर्चा की और हिंदी के बढ़ते वर्चस्व पर अपनी बात रखी। ओमप्रकाश तिवारी ने अपने वक्तव्य में हिंदी के महत्व को बताते हुए छात्राओं को लिखने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दी प्रेमी दीपक सोथा ने अपने वक्तव्य में छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और हिंदी के प्रति अपने लगाव को व्यक्त किया।
समारोह के मुख्य अतिथि सनोज मिश्रा ने हिंदी और सिनेमा के विभिन्न पहलुओं पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने लेखन के क्षेत्र में हिंदी के महत्व को उजागर किया। उनका हिंदी के प्रति प्रेम इतना ज्यादा है कि वे अपने फ़िल्म के सेट पर किसी को भी विदेशी भाषा में बात नहीं करने देते।
छात्राओं की रुचि को देखते हुये उन्होंने लेखन के कई माध्यमों की चर्चा की जिससे नवांकुर भी अपने कौशल का प्रदर्शन कर सके।

कार्यक्रम का संयोजन महाविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश दुबे ने किया । कार्यक्रम का संचालन रश्मि मिश्रा और आभार ज्ञापन चांदनी गुप्ता ने किया। विभाग की सहयोगी शिक्षकों डॉ. जनकनंदिनी त्रिपाठी और डॉ. राजश्री चौरसिया के अलावा विद्यार्थियों के समिति हिंदी साहित्य सभा के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों का विशेष योगदान कार्यक्रम के लिए रहा।
