लाहौर/पाकिस्तान। पाकिस्तान के लाहौर शहर में जन्मदिन का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब एक तीन मंजिला मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में एक ही परिवार के कम से कम 11 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों को जीवित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं।
खबरों के अनुसार, यह हादसा बुधवार देर रात लाहौर के घनी आबादी वाले हरबंसपुरा इलाके में हुआ। उस समय मकान में परिवार के एक सदस्य का जन्मदिन मनाया जा रहा था। बताया गया कि तीन भाई अपने परिवारों के साथ इसी मकान में रहते थे। जन्मदिन समारोह में उनकी बहन और उसके बच्चे भी शामिल होने आए थे। इसी दौरान पूरी इमारत भरभराकर गिर गई और करीब 20 लोग मलबे में दब गए।
लाहौर के उपायुक्त मोहम्मद अली एजाज ने बताया कि बचाव दल ने अब तक 11 शव मलबे से निकाल लिए हैं, जबकि छह लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हाल के दिनों में हुई लगातार भारी मानसूनी बारिश से इमारत का ढांचा कमजोर हो गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
उधर, एक अन्य घटना में लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर फैसलाबाद के झांग रोड क्षेत्र में बुधवार रात बारिश के दौरान एक मकान की छत गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच पाकिस्तान के कई हिस्सों में इमारतों के ढहने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और पुराने भवनों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*******
