ठाणे की अदालत ने बयान दर्ज कराने के लिए पेश होने का निर्देश दिया
जा. न्यूज़ संवाददाता
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने 17 साल पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता वसंत डावखरे (अब दिवंगत) द्वारा दर्ज मानहानि के एक मामले में शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अपने समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है।
अदालत के एक अधिकारी ने बताया कि ठाकरे को अपना बयान दर्ज कराने के लिए पांच अगस्त को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है, जबकि शिंदे को छह अगस्त को बुलाया गया है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 313 के तहत एक सामान्य कानूनी प्रक्रिया है। अधिकारी के अनुसार, इस धारा के तहत न्यायाधीश को आरोपी व्यक्ति से सीधे सवाल पूछने का अधिकार होता है। इसका मुख्य उद्देश्य आरोपी को अपने खिलाफ प्रस्तुत साक्ष्यों पर अपनी सफाई देने का अवसर देना और निष्पक्ष न्याय के सिद्धांत का पालन करना है।
यह पूरा मामला 2009 के लोकसभा चुनाव से जुड़ा है, जब कल्याण संसदीय क्षेत्र में अविभाजित राकांपा के तत्कालीन उम्मीदवार वसंत डावखरे और अविभाजित शिवसेना के उम्मीदवार आनंद परांजपे के बीच कड़ा मुकाबला था। चुनाव प्रचार के दौरान शिवसेना के तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने परांजपे के समर्थन में डोंबिवली में एक चुनावी सभा को संबोधित किया था। आरोप है कि इस जनसभा के दौरान ठाकरे ने डावखरे से जुड़ा एक विवादित वीडियो प्रदर्शित किया था। दावा किया गया था कि इस वीडियो में डावखरे अपने कार्यकर्ताओं से किसी भी कीमत पर चुनाव जीतने की बात कह रहे थे और उन्हें पुलिस या चुनाव अधिकारियों से न डरने के लिए उकसा रहे थे। डावखरे का निधन चार जनवरी 2018 को हो गया।
*******
