भारत निर्वाचन आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पर संयुक्त राष्ट्र के तीन विशेष विशेषज्ञों ने चिंता जताते हुए भारत सरकार से जवाब मांगा है। पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 से पहले आए इस पत्र ने चुनावी संप्रभुता और वैश्विक मानवाधिकार मानकों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है, जबकि देश की सर्वोच्च अदालत इस अभ्यास को पहले ही वैध ठहरा चुकी है। पूर्ण विश्लेषण पढ़ें……….
भारतीय लोकतंत्र, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे जीवंत लोकतांत्रिक तंत्र माना जाता है, इस समय एक नए अंतरराष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में है। खबर चिंताजनक और हड़कंप मचाने वाली है कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया का मामला अब संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) के गलियारों तक पहुंच चुका है। संयुक्त राष्ट्र के तीन प्रमुख मानवाधिकार विशेषज्ञों ने भारत सरकार को बकायदा पत्र लिखकर इस प्रक्रिया के दौरान अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुस्लिम और बंगाली मूल के मतदाताओं के साथ कथित ‘भेदभाव’ पर गहरी चिंता जताई है और केंद्र सरकार से इस पर जवाब तलब किया है।
यह पत्र ऐसे समय में आया है जब देश के कई राज्यों, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। वैश्विक मंच से उठाए गए इन सवालों ने न केवल देश की आंतरिक चुनावी प्रक्रियाओं पर एक बहस छेड़ दी है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की साख को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कसौटी पर ला खड़ा किया है।
क्या है यूएन के विशेषज्ञों की आपत्ति?
यह संयुक्त पत्र संयुक्त राष्ट्र के तीन विशेष प्रतिवेदकों (स्पेशल रैपोर्टियर्स)— निकोलस लेवराट (अल्पसंख्यक मामलों के विशेषज्ञ), आइरीन खान (अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता) और नाज़िला घानेआ (धार्मिक स्वतंत्रता)— द्वारा भेजा गया है। इन विशेषज्ञों का मुख्य आरोप यह है कि मतदाता सूची के इस विशेष पुनरीक्षण के दौरान बंगाली और मुस्लिम मतदाताओं को कथित तौर पर निशाना बनाया गया है।

यूएन के विशेषज्ञों ने अपने पत्र में दावा किया है कि उन्हें ऐसी खबरें मिली हैं कि लाखों वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। पत्र में सबसे गंभीर टिप्पणी पश्चिम बंगाल के संदर्भ में की गई है, जहाँ विशेषज्ञों के अनुसार, एक लंबे समय से चली आ रही धारणा के तहत कुछ समुदायों को ‘विदेशी या अवैध प्रवासी’ मानने की प्रवृत्ति रही है। आशंका जताई गई है कि इसी पूर्वाग्रह के कारण संशोधित मतदाता सूची से इन समुदायों के नाम गलत तरीके से हटाए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मानकों का उल्लंघन हो सकता है।
20 साल पुरानी व्यवस्था से अलग है ‘SIR’ की प्रक्रिया
ग़ौरतलब है कि निर्वाचन आयोग की यह विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (Special Intensive Revision) पिछले करीब दो दशकों से चली आ रही सामान्य चुनावी प्रक्रियाओं से काफी अलग है। अब तक चली आ रही व्यवस्था में मतदाता सूची को केवल समय-समय पर अपडेट (संशोधित) किया जाता था, जिसमें नए नाम जोड़ना या मृत व स्थानांतरित लोगों के नाम हटाना शामिल था। लेकिन इस बार पूरी सूची को स्क्रैच (नए सिरे) से तैयार किया गया है।
इस प्रक्रिया की गहनता और व्यापकता के कारण ही विपक्ष और कई नागरिक अधिकार संगठनों ने इस पर सवाल उठाए थे और इसे भेदभावपूर्ण करार देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
सुप्रीम कोर्ट की मुहर , स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव का आधार
इस पूरे विवाद का दूसरा और सबसे मजबूत कानूनी पहलू भारत की न्यायपालिका से जुड़ा है। इसी साल मई में देश की सर्वोच्च अदालत (Supreme Court) ने इस ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ प्रक्रिया को पूरी तरह से वैध और संवैधानिक ठहराया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस अभ्यास को चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को खारिज करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा था कि निर्वाचन आयोग को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ऐसा करने का पूर्ण वैधानिक अधिकार है।
अदालत का मानना था कि इस अभ्यास का एकमात्र उद्देश्य एक त्रुटिहीन, सही और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि लोकतंत्र की बुनियाद मजबूत रहे और कोई भी फर्जीवाड़ा न हो सके। भारतीय कानून के दायरे में यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और न्यायसंगत है।
दखलअंदाजी या मानवाधिकार का तकाजा?
संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों द्वारा सरकार से यह पूछना कि “2026 के विधानसभा चुनाव में किसी भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित होने से रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?” सीधे तौर पर भारत की घरेलू संप्रभुता को चुनौती देने जैसा प्रतीत होता है। भारत हमेशा से यह रुख अपनाता रहा है कि उसके आंतरिक मामले, विशेषकर चुनाव और लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं, पूरी तरह से स्वायत्त हैं और देश की अदालतें किसी भी विसंगति को दूर करने में सक्षम हैं।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसे पत्रों का आना वैश्विक पटल पर भारत की छवि को प्रभावित करता है। सरकार को अब यह साबित करना होगा कि तकनीकी रूप से यह पुनरीक्षण किसी भी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि केवल ‘एक नागरिक, एक वोट’ के सिद्धांत को शुद्ध करने के लिए किया गया था।
लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुद्धता ही सबसे बड़ा हथियार है। यदि वास्तविक नागरिकों के नाम कटते हैं, तो यह लोकतंत्र की हत्या है, और यदि अवैध लोगों के नाम सूची में रहते हैं, तो यह राष्ट्र की सुरक्षा और संप्रभुता से समझौता है।
संयुक्त राष्ट्र के इस पत्र के बाद अब भारत सरकार और निर्वाचन आयोग दोनों पर यह जिम्मेदारी बढ़ गई है कि वे दुनिया को यह दिखाएं कि भारतीय चुनाव प्रणाली न केवल स्वतंत्र है, बल्कि वह जाति, धर्म या भाषा के आधार पर किसी भी भेदभाव से कोसों दूर है। पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव और वहाँ की मतदाता सूची की सटीकता ही अब इस वैश्विक विमर्श का अंतिम उत्तर तय करेगी।
