इज़राइल में रोजगार के लिए चयनित युवाओं को मिलेगा इजराइली मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण – मंत्री लोढा

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग ने राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग ने इजराइल में रोजगार हेतु चयनित अभ्यर्थियों को वहां की कार्यप्रणाली, गुणवत्ता मानकों और व्यावसायिक अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने के लिए इजराइली मानकों के अनुसार प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया है।
विभाग के निर्णय के अनुसार, इजराइल में प्लेसमेंट के लिए चयनित प्रथम बैच के 106 अभ्यर्थियों को 27 से 31 जुलाई 2026 तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), औंध (पुणे) में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में सेवा क्षेत्र से जुड़े चयनित अभ्यर्थियों को आधुनिक कार्य पद्धतियों, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों, व्यावसायिक अनुशासन, कार्य संस्कृति तथा विदेश में कार्य करने के लिए आवश्यक व्यवहारिक और तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा का मानना है कि इस प्रशिक्षण से अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे इजराइल के नियोक्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम होंगे। साथ ही वे विदेशी कार्य संस्कृति के साथ शीघ्र सामंजस्य स्थापित कर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने, रोजगार को लंबे समय तक बनाए रखने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल विकसित कर बेहतर करियर के अवसर प्राप्त करने में सफल होंगे। इस संबंध में जारी आदेश महाराष्ट्र शासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
कैबिनेट लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार भारत को विश्वस्तरीय कौशलयुक्त मानव संसाधन का केंद्र बनाने तथा भारतीय युवाओं को वैश्विक रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
—————-
