1,100 से ज्यादा लोग सुरक्षित निकाले गए
तस्वीरों में बड़ी-बड़ी चट्टानें इमारतों के पास से खिसककर नीचे बहने वाली जलधारा में गिरती दिखाई दीं।
लगातार बारिश के कारण यह भूस्खलन वूजियांग नदी के निकट हुआ।
–
बीजिंग। दक्षिण-पश्चिम चीन के चोंगछिंग शहर में शुक्रवार सुबह हुए भीषण भूस्खलन से 10 से अधिक रिहायशी इमारतें मलबे में दब गईं। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर 1,100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, अब तक कम से कम 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मौके पर तलाशी एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भूस्खलन सुबह करीब 9:08 बजे चोंगछिंग के पेंगशुई काउंटी में हुआ। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में चट्टानें और मिट्टी खिसककर रिहायशी इलाके पर आ गिरी, जिससे 10 से अधिक मकान मलबे में दब गए।
सीसीटीवी द्वारा जारी तस्वीरों में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा रिहायशी क्षेत्र पर गिरता हुआ दिखाई दिया। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। हालांकि दुर्गम भू-भाग और दोबारा भूस्खलन की आशंका के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से खतरे वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
*******
