केतन की मौत के बाद सिया-चेतन करने वाले थे विवाह
जा. न्यूज़ संवाददाता
पुणे। पुणे के केतन अग्रवाल को खत्म करने के लिए आरोपी सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने बड़ी गहरी साजिश रची थी। केतन का काम तमाम होने के बाद दोनों शादी करने वाले थे लेकिन उनकी साजिश का भंडाफोड़ हो गया और दोनों सलाखों के पीछे चले गए।
केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी ने 18 जून को पुणे के लोनावला के पास लोहगढ़ किले की चट्टान से केतन को उस समय धकेल दिया था जब वे वहां ट्रेकिंग करने गए थे। केतन को क्या पता था जिस सिया से उसकी शादी होने वाली है, वही उसकी जान की दुश्मन बन जाएगी। सिया ने 14 जून को ही केतन को मारने की कोशिश की थी। लेकिन, अपने प्रयास में असफल रही। यदि उसी दिन केतन गहरी खाई में गिर तो यह हत्याकांड सिर्फ दुर्घटना बनकर ही रह जाता। सिया-चेतन ने केतन को जहर देकर या फिर वाहन से कुचलकर मारने पर भी विचार किया था, लेकिन उन्हें इन दोनों से बेहतर विकल्प किला लगा। ये सारी बातें पुलिस जांच में सामने आई हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि केतन को धक्का देने के तीन साल बाद सिया और चेतन दोनों शादी करने की योजना बना रहे थे।
केतन के खाई में गिरने के 15 मिनट बाद चिल्लाई सिया
केतन के खाई में गिरते ही सिया ने दो मिनट का इंतजार किया। उसने चेतन को वहां से जाने का मौका दिया। बाद में सिया ने पहला कॉल अपनी मां को किया कि केतन लोहगढ़  से नीचे गिर गया। सिया की मां ने तुरंत ही केतन के माता-पिता और रिश्तेदारों को जानकारी दी। सिया ने 15 मिनट परिवारवालों और रिश्तेदारों को फोन पर जानकारी देने में लगा दिए। तब तक चेतन वहां से जा चुका था। जब चेतन दूर चला गया, तब सिया ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरु किया.. बचाओ, बचाओ मेरा मंगेतर खाई में गिर गया। सिया की आवाज सुनकर लोग जमा हो गए। लोगों ने पुलिस और सिक्युरिटीवालों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
********