शिर्डी बनेगा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब

-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23 को करेंगे उद्घाटन
मुंबई। ‘आत्मनिर्भर भारत‘ और ‘मेक इन इंडिया‘ के संकल्प को नई उड़ान देने की दिशा में महाराष्ट्र के शिर्डी में भक्ति के साथ शक्ति का संगम दिखाई देगा क्योंकि शिर्डी के साईं बाबा की धरा अब रक्षा केंद्र के रूप में भी उभरने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगामी 23 और 24 मई को अहिल्या नगर जिले के शिर्डी में निजी क्षेत्र की कंपनी एनआईबीई ग्रुप के रक्षा विनिर्माण परिसर (डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब) का उद्घाटन करेंगे।
महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री डॉ. राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में शिर्डी को देश का प्रमुख रक्षा केंद्र बनाया जा रहा है, जिससे न केवल सेना की ताकत बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। शिर्डी में दो दिवसीय भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और राज्य के मंत्री डॉ. राधाकृष्ण विखे पाटिल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण विशाल रक्षा प्रदर्शनी और एमएसएमई एक्सपो होगा जहां एनआईबीई ग्रुप और उससे जुड़े एमएसएमई अपनी स्वदेशी तकनीकों और अत्याधुनिक रक्षा उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। एनआईबीई ग्रुप के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गणेश निबे ने कहा कि यह आयोजन देशभर के छात्रों, इंजीनियरों और उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जिससे रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में महाराष्ट्र की स्थिति और अधिक मजबूत होगी।
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण एक विशाल रक्षा क्षमता प्रदर्शन और MSME शोकेस होगा, जहाँ NIBE Group और उसके सहयोगी MSMEs स्वदेशी तकनीकों, अभिनव उत्पादों और विनिर्माण समाधानों का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शनी देश की रक्षा आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में भारतीय MSMEs की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करेगी।
