“जो हिंदू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा, यह पश्चिम बंगाल के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया” – कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा

ममता दीदी का इस्तीफा न देना संविधान के खिलाफ, मतपेटी पर अविश्वास विपक्ष का दोहरा रवैया
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक जीत पर कहा कि जो हिंदू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा, यह पश्चिम बंगाल के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है। पश्चिम बंगाल की राष्ट्रभक्त जनता ने ममता दीदी को करारा सबक सिखाया है। गिरगांव में राजर्षि शाहू महाराज की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों के राजनीतिक सवालों का जवाब देते हुए मंत्री लोढ़ा ने विपक्ष पर यह हमला बोला।
मंत्री लोढा ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद यदि ममता दीदी संवैधानिक प्रावधानों को दरकिनार कर इस्तीफा नहीं देती हैं, तो यह संविधान का अपमान है। पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता दीदी के कार्यकाल में अत्यधिक अत्याचार सहन किया है। उन्होंने हमेशा हिंदू समाज के खिलाफ बयानबाजी की और राज्य में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर मौन साधे रखा। संवैधानिक पद पर रहते हुए भी उन्होंने इन घटनाओं को नजरअंदाज किया। राज्य में बड़े पैमाने पर घुसपैठ हो रही थी, जिसे उन्होंने केवल वोटबैंक के रूप में देखा। हिंदू समाज के लोगों के घर जलाए गए, खुलेआम हत्याएं हुईं, फिर भी ममता दीदी ने कभी उनके दुखों को कम करने का प्रयास नहीं किया। जनता के मन में इसका गहरा आक्रोश था, जो मतदान के माध्यम से सामने आया। राष्ट्रभक्त जनता ने ममता बनर्जी की “जुल्मी सरकार” को उखाड़ फेंका है और यह संदेश दिया है कि “जो हिंदू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा।” उन्होंने कहा कि अब विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्रभाई मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दों पर यह चुनाव लड़ा गया और जनता ने भाजपा पर अपना विश्वास जताया है। विपक्ष अब मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है, जो बेहद निंदनीय है।

विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें केरल के नतीजों पर कुछ नहीं कहना, लेकिन केवल पश्चिम बंगाल के परिणामों का विरोध करना है। यह दोहरा रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा। एक जगह मतदान प्रणाली को सही और दूसरी जगह गलत बताना विपक्ष की दोहरी नीति को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी का विरोध करना भाजपा के लिए फायदेमंद है, क्योंकि उनके बयान अक्सर आधारहीन होते हैं और जनता ऐसे बेबुनियादी तथ्यहीन वक्तव्य करनेवाले नेताओं को अच्छी तरह पहचान चुकी है। अंत में मंत्री लोढ़ा ने कहा कि देश में हिंदुओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। राष्ट्रवाद और हिंदू हितों की रक्षा जरूरी है, अन्यथा परिणाम ममता दीदी जैसे हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल के राष्ट्रभक्त नागरिकों ने इस चुनाव परिणाम के जरिए पूरे देश को यह संदेश दिया है।
*******
