भव्य प्रतिमा की स्थापना का उद्देश्य समाज में भगवान परशुराम के आदर्शों को जीवंत करना और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा देना
जागरण संवाददाता द्वारा, जौनपुर,
अक्षय तृतीया एवं श्री परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जनपद के कुल्हनामऊ तिराहा स्थित महर्षि जमदग्नि पार्क में एक भव्य समारोह का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में आराध्य भगवान श्री परशुराम जी की विशाल प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और मंगल दर्शन किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग 731 के समीप आयोजित यह समारोह 19 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

पंडित मुरलीधर चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमोद पाठक के अनुसार कार्यक्रम की सफलता के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है । माननीय सीमा द्विवेदी (सांसद, राज्यसभा) द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता की जाएगी। कार्यक्रम का कुशल संयोजन रमेश चन्द्र मिश्र (विधायक, बदलापुर) द्वारा किया जा रहा है।
पूरे कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाने वाले बृजेश तिवारी बताते हैं कि बड़ी खुशी और गर्व का विषय है कि बड़े भाई प्रमोद पाठक का संकल्प साकार होने जा रहा है। कंधे से कंधा मिला कर इस कार्य में गिरीश कुमार द्विवेदी ( प्रवक्ता ),आकाश सिंह जी, सुजीत उपाध्याय , आशीष मिश्रा , वैभव शुक्ला , हरिओम शुक्ला ने भी अथक प्रयास किया है।

गुजरात के उद्योगपति ,समाजसेवी और ट्रस्टी प्रमोद पाठक के अनुसार इस भव्य प्रतिमा की स्थापना का उद्देश्य समाज में भगवान परशुराम के आदर्शों को जीवंत करना और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा देना है। आयोजक मंडल ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

पंडित मुरलीधर चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमोद पाठक ने समस्त सर्वसमाज से इस धार्मिक और मांगलिक अवसर पर सादर आमंत्रित होने की अपील की है।
