मानखुर्द की सरकारी जमीन पर 1200 अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र

करीब 11 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त
उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढा के लगातार प्रयासों को सफलता
खाली कराई गई जमीन पर नागरिकों के लिए अत्याधुनिक ‘विज्ञान पार्क’ बनाया जाएगा
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। मुंबई के मानखुर्द स्थित साहित्यरत्न अण्णाभाऊ साठे नगर में सरकारी जमीन पर बने करीब 1200 अवैध झोपड़ों पर कार्रवाई की गई। अब इस खाली कराई गई जमीन पर नागरिकों के लिए ‘विज्ञान पार्क’ विकसित किया जाएगा। यह तोड़क कार्रवाई मुंबई उपनगर के सह प्रभारी मंत्री मंगल प्रभात लोढा के लगातार प्रयास से हुई है।
मंत्री लोढा ने कहा कि मुंबई में अवैध निर्माणों का जाल फैलता जा रहा है, जिससे देश की आर्थिक राजधानी की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसलिए जांच कर सरकारी जमीनों को वापस लेना आवश्यक है।
मानखुर्द की इस कार्रवाई को मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी श्री सौरभ कटियार के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। इसमें पुलिस उपायुक्त श्री समीर शेख, अपर जिलाधिकारी श्री पद्माकर रोकड़े सहित अतिक्रमण निष्कासन विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगभग 400 कर्मचारियों की टीम शामिल थी। इस अभियान के तहत अब तक 1200 से अधिक झोपड़ियों को हटाया गया है और करीब 11 एकड़ सरकारी जमीन खाली कराई गई है। दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है और अन्य प्रतिबंधात्मक उपाय किए जा रहे हैं।

मुंबई महानगरपालिका के इस कदम पर मंत्री लोढा ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुंदर बनाने का संकल्प लिया गया है।इस लिहाज से उपनगर के सह पालकमंत्री होने के नाते अवैध निर्माण के खिलाफ मुहिम छेड़ी है, ऐसा भी मंत्री लोढ़ा ने कहा
सरकार के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में भूमाफियाओं द्वारा सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए गए हैं। कई मामलों में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को भी स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिलने की बात सामने आई है। ऐसे क्षेत्रों में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार और अन्य असामाजिक गतिविधियां बढ़ने की आशंका रहती है।
मालाड और मालवणी क्षेत्रों में भी सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण सामने आए हैं, जहां अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

500 एकड़ अतिक्रमण मुक्त जमीन पर होंगे विकास कार्य
सरकार के अनुसार, मुंबई और उपनगरों में हजारों एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे हैं। इन्हें हटाकर जमीन वापस सरकार के कब्जे में लेने की प्रक्रिया जारी है। इनमें से चयनित 500 एकड़ अतिक्रमण मुक्त जमीन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में विकासात्मक परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। मानखुर्द में खाली कराई गई जमीन पर सेवाभावी संस्थाओं की मदद से अत्याधुनिक ‘विज्ञान पार्क’ स्थापित किया जाएगा। इस बीच, मुंबई उपनगर में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई को और सख्त किए जाने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों ने दी है।
*****
