दीव-मुंबई हवाई सफर अब मात्र 55 मिनट में: प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने इंडिगो फ्लाइट को दिखाई हरी झंडी
दमन और सिलवासा के लोग भी अब अपने करीब डोमेस्टिक फ्लाइट की आहट सुन रहे हैं
सिलवासा/दमन/दीव,
संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव के विकास पथ पर एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रशासक प्रफुल्ल पटेल के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप दीव से नवी मुंबई के बीच इंडिगो (IndiGo) की सीधी हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस नई शुरुआत से न केवल दीव के पर्यटन को पंख लगेंगे, बल्कि व्यापारिक और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं में भी क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

बता दें, दीव अपने ऐतिहासिक किलों और समुद्र तटों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। मुंबई जैसे महानगर से सीधा जुड़ाव होने के कारण अब कॉर्पोरेट टूरिज्म और वीकेंड टूरिज्म में भारी उछाल आने की संभावना है। इसके साथ ही, गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों में मरीजों को मुंबई के बड़े अस्पतालों तक पहुंचाना अब काफी आसान हो जाएगा।
अब तक दीव से मुंबई की यात्रा करने वाले यात्रियों को सड़क या रेल मार्ग से एक लंबा और थकाऊ सफर तय करना पड़ता था। अब इंडिगो की 6E-7023/7024 फ्लाइट के जरिए यह सफर महज 55 मिनट में पूरा होगा।जो कि नवी मुंबई से सुबह 10:05 बजे प्रस्थान करेगा , दीव से वापसी 11:40 बजे।
गुजरात से बिल्कुल सटा हुआ दमन एक बड़ा औद्योगिक क्लस्टर है, जहाँ हजारों की संख्या में छोटे-बड़े कारखाने हैं। यहाँ के उद्यमियों को अक्सर बिजनेस मीटिंग्स के लिए मुंबई या अहमदाबाद जाना पड़ता है। यदि दमन में सिविल टर्मिनल की शुरुआत होती है, तो यह दक्षिण गुजरात और संघ प्रदेश के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा। सूत्रों की मानें तो दीव की तर्ज पर दमन में भी नागरिक उड्डयन सेवाओं के विस्तार की योजना पर आंतरिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
