शिवसेना मुख्य नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कांग्रेस पर तीखा हमला

‘चड्डी-बनियान गैंग’ की शर्मनाक हरकत, कांग्रेस जनता से तुरंत माफी मांगे

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के माध्यम से जब दुनिया के सामने भारत की टेक्नोलॉजी क्षमता प्रदर्शित की जा रही थी, उसी दौरान भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस की ‘चड्डी-बनियान गैंग’ ने अशोभनीय हंगामा कर देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मसार किया। यह देशप्रेम नहीं, बल्कि देशद्रोह जैसा कृत्य है—ऐसी कड़ी टिप्पणी शिवसेना के प्रमुख नेता एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
“एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कांग्रेस की इस प्रवृत्ति की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यदि भारत–अमेरिका समझौते पर कांग्रेस को आपत्ति है, तो उसे तर्कों के साथ सैद्धांतिक विरोध करना चाहिए था। इसके बजाय, भारत मंडपम में हंगामा कर देश के लोकप्रिय और कर्मठ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाज़ी की गई और विदेशी मेहमानों के सामने अपने ही देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि विदेश जाकर भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने वाले राहुल गांधी जैसे नेताओं के रहते, उनके युवा कार्यकर्ताओं से और क्या अपेक्षा की जा सकती है?
कांग्रेस के खिलाफ शिवसेना का आंदोलन
शनिवार दोपहर मुंबई स्थित बालासाहेब भवन में शिवसैनिकों ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया। ‘राहुल गांधी मुर्दाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस आंदोलन में पूर्व महापौर दत्ता दळवी, पूर्व नगरसेवक कमलेश राय, शिवसेना सचिव एवं चित्रपट सेना अध्यक्ष सुशांत शेलार, पूर्व नगरसेवक राजू पेडणेकर, दिलीप नाइक, विभाग प्रमुख गणेश सानप, नीलम पवार सहित महिला आघाड़ी, युवती सेना और बड़ी संख्या में शाखा प्रमुख व शिवसैनिक शामिल हुए। शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एन.सी. ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे देशविरोधी करार दिया और उसकी कड़ी आलोचना की।
*****
