बीेएमसी चुनावः मुंबई की गलियों ने उतरे एक दर्जन से अधिक राज्यों के भाजपा नेता
-चुनावी समीकरण साधने के लिए लोगों पर डाल रहे हैं डोरे

जा.न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। मायानगरी मुंबई में लोकतंत्र का पर्व चल रहा है। देश की सबसे अमीर नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में अपना पहला महापौर बनाने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बीएमसी के इस चुनाव में अपने उम्मीदवारों के प्रचार के लिए देश के 15 राज्यों के भाजपा नेता मुंबई की गलियों की खाक छान रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली से लेकर केरल तक के नेता शामिल हैं जो 13 जनवरी तक लोगों से वोट मांगेगे।
भाजपा केंद्र में तीसरी बार और महाराष्ट्र में दूसरी बार सत्तासीन है। पार्टी को पहली बार ऐसा समीकरण दिखाई दे रहा है कि देश की आर्थिक राजधानी में भाजपा का महापौर बन सकता है। चूंकि मायानगरी में देशभर के लोग रहते हैं जिनका अपना वोट बैंक है उनमें बड़ी संख्या उत्तर भारतीयों की है जिन्हें रिझाने के लिए यूपी-बिहार के नेताओं से लेकर भोजपुरी अभिनेताओं को भी चुनाव प्रचार में उतारा जा रहा है। मुंबई भाजपा के महासचिव आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि पार्टी ने माइक्रो मैनेजमेंट और डेटा एनालिटिक्स के साथ सामाजिक समीकरण साधने की विशेष चुनावी रणनीति बनाई है। इसके तहत कई प्रदेशों के नेताओं को मुंबई बुलाया गया है और कई लोगों ने प्रचार अभियान प्रारंभ कर दिया है
मुंबई में मनोज तिवारी मांग रहे वोट, मैथिली, निरहुआ, पवन सिंह करेंगे मुंबई में चुनाव प्रचार
मुंबई भाजपा सचिव व प्रवासी नेताओं के प्रभारी प्रमोद मिश्रा अन्य राज्यो से आये नेताओं का नेतृत्व कर रहे है। मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश से अपर्णा यादव, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, विधायक शलभमणि त्रिपाठी और जौनपुर के बदलापुर से विधायक रमेश मिश्रा सहित 10 लोग बुलाए गए हैं। वहीं, बिहार से विधायक मैथिली ठाकुर समेत 9 लोग, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, विधायक कपिल मिश्रा, महेश शर्मा और मनिंदरजीत सिंह, हरियाणा से विशंभर वाल्मीकि, ओडिशा से ओमप्रकाश मिश्रा, उत्तराखंड से धनसिंह रावत और सुरेश गडिया, राजस्थान से अर्जुन राम मेघवाल, केरल से शोभा सुरेन्द्रन, तमिलनाडु से अन्नामलाई, गोवा से जोशुआ पीटर डिसूजा, तेलंगाना से माधवी लता सहित तीन, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से तीन-तीन, गुजरात से 10 नेता मुंबई बुलाए गए हैं जो मुंबई में रह रहे अपने प्रदेश लोगों से पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट मांग रहे हैं।
—–
