केईएम में रजिस्ट्रेशन के लिए दस नए केंद्र, दवाइयों की कमी दूर की जाएगी, मरीजों का समय भी बचेगा
निजी एमआरआई भी पालिका दरों पर करने के लिए निविदा जारी की जाएगी।
मंत्री मंगल प्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की संयुक्त बैठक में अधिकारियों का आश्वासन

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। मुंबई के सह-पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने केईएम अस्पताल का निरीक्षण दौरा कर वहां की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को फटकार लगाया। उसके बाद अब अस्पताल की व्यवस्था में बदलाव करने का आश्वासन वरिष्ठ अधिकारियों ने दिया है। आने वाले 15 दिनों में अस्पताल में मरीजों के पंजीकरण के लिए 10 नए केंद्र शुरू किए जाएंगे। साथ ही निजी एमआरआई भी पालिका दरों पर करने के लिए निविदा जारी की जाएगी। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेंगे।
केईएम अस्पताल में मरीजों की समस्याओं, अपर्याप्त सुविधाओं, नागरिकों के सुझावों और उपायों के संबंध में कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक श्री अमित साटम की आज पालिका मुख्यालय में संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने अगले 15 दिनों में मरीज सेवाओं में सुधार का आश्वासन दिया।

केईएम में हो रही नागरिकों की परेशानी और निजी जांच केंद्रों द्वारा मरीजों से की जा रही लूट देखकर मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी और डीन डॉ संगीता रावत से जवाब मांगा था। इस संदर्भ में मंत्री लोढा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मरीजों की कई शिकायतों पर चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त श्री बिपिन शर्मा, उपायुक्त श्री शरद उघड़े, चिकित्सा संचालक डॉ नीलम अंद्राडे, केईएम की अधिष्ठाता डॉ संगीता रावत, भाजपा दक्षिण मुंबई अध्यक्ष श्रीमती शलाका साल्वी और पदाधिकारी सतीश तिवारी उपस्थित थे।
दो वर्ष के लिए पर्याप्त दवाइयों का भंडार
संयुक्त बैठक में दवाइयों की कमी पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री लोढा और भाजपा मुंबई अध्यक्ष साटम ने अधिकारियों को अगले दो वर्ष के लिए आवश्यक दवाइयों का स्टॉक करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द से जल्द स्टॉक भरने का आश्वासन दिया।
निजी एमआरआई भी पालिका दरों पर
मरीजों के परिजनों और नागरिकों ने पिछले कई महीनों से केईएम का एमआरआई मशीन खराब होने की शिकायत की थी। एमआरआई के लिए छह-छह महीने तक तारीख न मिलने की शिकायत भी मरीजों ने की थी। इस समस्या से निपटने के लिए यह सुझाव दिया गया कि जब तक केईएम में एमआरआई मशीन ठीक होकर व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तब तक मरीजों को भेजे जानेवाले निजी केंद्रों में केवल महापालिका की निर्धारित दरें ही ली जाएं। इसके अनुसार अगले सात दिनों में निजी एमआरआई केंद्रों के लिए निविदा जारी की जाएगी, ऐसी जानकारी मुंबई भाजपा अध्यक्ष श्री अमित साटम ने दी।
मरीजों की समस्याएँ दूर करने के लिए ‘दक्षता समिति’
मरीजों की समस्याएँ दूर करने और उन्हें बेहतर सुविधाएँ देने हेतु केईएम में मंत्री मंगल प्रभात लोढा के नेतृत्व में दक्षता समिति बनाई जाएगी, जिसमें नागरिकों का भी समावेश होगा। इस दौरान पिछले कुछ दिनों से कूपर अस्पताल में पूर्णकालिक अधिष्ठाता न होने से वहां कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस पर चिकित्सा शिक्षा संचालक डॉ नीलम अंद्राडे ने जानकारी दी कि जल्द ही रिक्त पद भरे जाएंगे और वहां पूर्णकालिक अधिष्ठाता नियुक्त किया जाएगा।
मंत्री लोढा को वरिष्ठ अधिकारियों का आश्वासन
मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों की बारीकी से समीक्षा की जाएगी और उन्हें आवश्यक शासकीय सहायता भी दी जाएगी। आगे से पालिका के अन्य अस्पतालों में भी निरीक्षण दौरा आयोजित किया जाएगा। पिछले 25 वर्षों में महापालिका पर सत्ता चलाने वालों ने जो दलाली और निकम्मी व्यवस्था खड़ी की है, उसे माननीय मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में जल्द ही समाप्त किया जाएगा।
