एसी उपनगरीय लोकल से 93 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना प्राप्त किया गया
पश्चिम रेलवे द्वारा सभी वैध यात्रियों को सुगम, आरामदायक यात्रा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों, पैसेंजर ट्रेनों तथा हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में बिना टिकट/अनियमित यात्रियों पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर गहन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों की देखरेख में टिकट जांच दलों द्वारा अप्रैल से जुलाई 2025 की अवधि में विविध टिकट जांच अभियानों के माध्यम से कुल ₹70.98 करोड़ की राशि प्राप्त की गई, जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 24% अधिक है, साथ ही रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य से 11% अधिक है। इस राशि में मुंबई उपनगरीय खंड से प्राप्त ₹19.55 करोड़ की राशि भी शामिल है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जुलाई 2025 के दौरान बिना टिकट/अनियमित यात्रा तथा बिना बुक किए गए सामान से जुड़े 2.22 लाख मामलों का पता लगाकर ₹12.19 करोड़ की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष के जुलाई के आंकड़ों की तुलना में 134% अधिक है।
साथ ही, मुंबई उपनगरीय खंड पर लगभग 92 हजार मामलों का पता लगाकर प्राप्त किया गया ₹3.65 करोड़ का जुर्माना भी शामिल है। एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए लगातार औचक टिकट जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं। एसी लोकल में केंद्रित अभियानों के परिणामस्वरूप, अप्रैल से जुलाई 2025 के दौरान 28 हजार से अधिक अनधिकृत यात्रियों को दंडित किया गया और उनसे ₹93.40 लाख रुपये जुर्माने के रूप में प्राप्त किए गए, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 58% अधिक है। ऐसे उल्लेखनीय परिणाम अनधिकृत यात्रा पर अंकुश लगाने, यात्री अनुभव को बेहतर बनाने और सार्वजनिक राजस्व की सुरक्षा के लिए पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता के प्रमाण हैं.
