परेल स्टेशन पर तेज लोकल ट्रेनों के ठहराव के लिए रेलवे प्रशासन से करेंगे अनुरोध, जब तक जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक सक्रिय रहेंगे — मंत्री मंगल प्रभात लोढा
परेल स्टेशन पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों और विभिन्न कॉर्पोरेट कार्यालयों के चलते भीड़-भाड़ में भारी वृद्धि हुई है। साथ ही, इस क्षेत्र में कई बड़े अस्पताल भी स्थित हैं, इसलिए इस स्टेशन पर तेज लोकल ट्रेनों का ठहराव मिलना चाहिए, यह जनता की प्रमुख मांग है। इस संदर्भ में रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया जाएगा, ऐसा बयान महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढा ने दिया है। मुंबई महापालिका के एफ दक्षिण विभाग कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में वे बोल रहे थे। इस जनसुनवाई को जनता से जबरदस्त प्रतिसाद मिला।

मंत्री लोढा ने आगे कहा कि, “जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रशासनिक यंत्रणा को सक्रिय होकर सीधे जनता तक पहुँचना चाहिए। उनकी समस्याओं को जानकर, उनका निराकरण करना चाहिए। ऐसी स्पष्ट दिशा महाराष्ट्र के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को दी थी। उसी के अनुरूप इस जनता दरबार का आयोजन किया गया”, ऐसा मंत्री लोढा ने बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से जनता की समस्याओं को हल करके जब तक उन्हें समाधान नहीं मिलता, तब तक हम कार्यरत रहेंगे और लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करेंगे। इस जनसुनवाई की खास बात यह रही कि इसमें प्रशासन के १२ से अधिक विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, साथ ही रेलवे प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

समस्या लेकर आए नागरिकों ने बताया कि जब सभी अधिकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध होते हैं, तो उन्हें बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। इस दौरान नागरिकों ने अवैध पार्किंग में खड़ी लावारिस गाड़ियों, ट्रैफिक कंट्रोल, पानी के दबाव, राशन वितरण की गड़बड़ियों और हाउसिंग सोसायटियों के पुनर्विकास जैसे मुद्दे रखे।
इस जनसुनवाई में 300 से अधिक नागरिकों ने अपनी समस्याएँ रखीं, जिनमें से 200 से अधिक नागरिकों की समस्याओं का समाधान वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मौके पर ही कर दिया। शेष समस्याओं को भी नजर अंदाज न करते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के आदेश मंत्री लोढा ने अधिकारियों को दिए।
इस जनता दरबार में स्थानीय विधायक श्री कालिदास कोळंबकर, एफ दक्षिण विभाग के सहायक आयुक्त श्री महेश पाटिल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
