लाउडस्पीकर मुक्त हुई मुंबई, फिर लगे तो थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदार- फडणवीस
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को बताया कि मुंबई में 1,608 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर पूरी तरह हटा दिए गए हैं। इनमें 1,149 मस्जिदें, 48 मंदिर, 10 चर्च, 4 गुरुद्वारे और 148 अन्य स्थल शामिल हैं। इसके साथ ही, मुंबई अब पूरी तरह से लाऊडस्पीकर मुक्त हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर, फिर लाउडस्पीकर लगे तो संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी इसके लिए जिम्मेदार होंगे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार मुंबई के 1608 और राज्य में 1,759 धार्मिक स्थलों सहित अब तक 3,367 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाये गए है। लेकिन यह कार्रवाई सौहार्दपूर्ण ढंग से पूरी हुई। किसी भी धार्मिक स्थल पर तनाव पैदा नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर, इसके बाद किसी भी धार्मिक स्थल पर दोबारा लाउडस्पीकर लगाए गए तो संबंधित थाने के प्रभारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए एक उड़नदस्ता दल का भी गठन किया जाएगा। दरअसल, भाजपा के सुधीर मुनगंटीवार ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सदन को दी।
