वलसाड के युवा सांसद धवल लक्ष्मण भाई पटेल जो कि संसद में लोकसभा के दंडक के रूप में निर्वाचित थे , उन्हें जल संसाधन सबंधित स्थाई समिति के सदस्य के रूप में जगह दिया गया है। सांसद धवल पटेल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया है ।

वलसाड जिले के मीडिया प्रभारी दिव्येश भाई पांडे ने सांसद धवल पटेल को शुभकामनाये प्रदान किया. सांसद धवल पटेल के प्रशंसक उन्हें लोकसभा की स्थाईसमिति के सदस्य बनाए जाने पर शुभेच्छा प्रदान कर रहे हैं, साथ ही वलसाड संसदीय क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बिहार के सांसद राजीव प्रताप रूडी जल संसाधन विभाग के अध्यक्ष है, जिनके नेतृत्व में 21 सदस्य लोकसभा से और 7 सदस्य राज्यसभा से नियुक्त किए गए।
संसद की विभाग संबंधी स्थायी समितियों का गठन कर दिया गया है। भाजपा के भर्तृहरि महताब वित्त संबंधी समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि कांग्रेस के शशि थरूर विदेश मामलों संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह रक्षा संबंधी समिति के अध्यक्ष होंगे और भाजपा के राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल गृह संबंधी विभाग संबंधी स्थायी समिति की अध्यक्षता करेंगे।

एनसीपी सांसद सुनील तटकरे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे और शिवसेना के श्रीरंग अप्पा बारने ऊर्जा संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे।
कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे और कांग्रेस के सप्तगिरि उल्का को ग्रामीण विकास और पंचायती राज संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। जेडी(यू) के संजय झा परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे और टीडीपी के मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी आवास और शहरी मामलों संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर कोयला, खान और इस्पात संबंधी समिति की अध्यक्षता करेंगे और एक अन्य पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी को जल संसाधन संबंधी समिति की अध्यक्षता दी गई है। भाजपा के निशिकांत दुबे को संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
द्रमुक के तिरुचि शिवा उद्योग समिति की अध्यक्षता करेंगे और उनकी पार्टी की सहयोगी कनिमोझी उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण समिति की अध्यक्षता करेंगी।
भाजपा सांसद सी एम रमेश रेलवे समिति की अध्यक्षता करेंगे और तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद रसायन एवं उर्वरक समिति की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा के भुवनेश्वर कलिता विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन समिति की अध्यक्षता करेंगे। समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की अध्यक्षता करेंगे।
भाजपा के बृजलाल कार्मिक, लोक शिकायत, कानून एवं न्याय समिति की अध्यक्षता करेंगे।
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल समिति की अध्यक्षता करेंगे तथा तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन वाणिज्य समिति की अध्यक्षता करेंगी।
