
जागरण न्यूज नेटवर्क ,
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि निर्माणाधीन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का वाणिज्यिक परिचालन लगभग 15 महीने बाद 31 मार्च, 2025 तक शुरू हो जाएगा।
बता दें कि नवी मुंबई अन्तर्राष्ट्रीय विमानक्षेत्र एक नया और प्रस्तावित विमानक्षेत्र है, जो मुंबई के कोपरा-पनवेल क्षेत्र में बन रहा है । यह, निजी-सार्वजनिक-भागीदारी (पीपीपी) में बन रहा है- जिसमें निजी भागीदारी ७४% और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण तथा महाराष्ट्र सरकार की क्रमशः १३-१३% भागीदारी है।

अधिक जानकारी देते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का 55 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अडाणी समूह द्वारा विकसित की जा रही नवी मुंबई एयरपोर्ट परियोजना को पांच चरणों में बांटा गया है। इस हवाई अड्डे की कुल वार्षिक क्षमता 9 करोड़ यात्रियों की होगी।

इस एयरपोर्ट का वाणिज्यिक परिचालन 31 मार्च, 2025 तक शुरू हो जाएगा। इससे पहले सिंधिया ने एक बैठक में इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।
इस परियोजना के पांचों चरण पूरे हो जाने पर इस हवाई अड्डे पर चार टर्मिनल और दो हवाई पट्टियां होंगी। सबसे बड़ी बात इस हवाई अड्डे को सड़क, रेल, मेट्रो और जल मार्ग से भी जोड़ा जाएगा।

हालांकि ,शुरुवाती चरण में प्रतिदिन लगभग 60 हजार यात्रियों को हवाई सेवा प्रदान करने वाले इस एयरपोर्ट की सालाना क्षमता 2 करोड़ यात्रियों की होगी।
