‘नमो एक्सप्रेस’ की सीटी से गूंजा सीएसएमटी
1500 से अधिक श्रद्धालु कोंकण के लिए रवाना

अगस्त क्रांति मैदान से 5 बसें कोंकण के लिए रवाना
200 से अधिक श्रद्धालुओं ने बस से किया सफर
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। गणेशोत्सव के अवसर पर मुंबई में रहने वाले मराठी बंधुओं को अपने गांव के गणपति बप्पा के दर्शन के लिए कोंकण जाने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोढ़ा फाउंडेशन की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष ‘नमो एक्सप्रेस’ की व्यवस्था की गई। शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 18 से सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर ट्रेन कोंकण के लिए रवाना हुई। मुंबई भाजपा अध्यक्ष तथा विधायक अमित साटम ने इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन से 1500 से अधिक गणेश भक्त कोंकण के लिए रवाना हुए।
‘नमो एक्सप्रेस’ छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सावंतवाड़ी तक चलेगी। गणेशोत्सव के लिए अपने गांव जाने वाले चाकरमानियों के लिए यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अपने परिवार के साथ और गांव के गणपति बप्पा के साथ गणेशोत्सव मनाने का अवसर मिल सके, इसी उद्देश्य से की गई इस पहल को गणेश भक्तों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन पर चाकरमानियों की भारी भीड़ देखने को मिली। गणेशोत्सव के लिए अपने गांव जाने की खुशी हर श्रद्धालु के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी। अपनी निर्धारित सीट मिलने के बाद गणेश भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विशेष ट्रेन के रवाना होते ही पूरा स्टेशन परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा। बप्पा के स्वागत के लिए गांव की ओर रवाना हुए चाकरमानियों की खुशी का ठिकाना नहीं था।
गणेशोत्सव प्रत्येक मराठी व्यक्ति की भावनाओं से जुड़ा हुआ पर्व है। मुंबई में नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में रहने वाले चाकरमानियों को अपने गांव के गणपति बप्पा के दर्शन के लिए जाने और अपने परिवार के साथ यह पर्व मनाने का अवसर मिले, यही इस पहल के पीछे की भावना है। गणेशोत्सव नजदीक आते ही हर मुंबईकर को अपने गांव और अपने लोगों की याद सताने लगती है।
कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि इसी भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए आदरणीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में हर वर्ष गणेश भक्तों के लिए विशेष रेल और बस सेवा की व्यवस्था की जाती है। मुंबई से कोंकण की ओर रवाना होते समय गणेश भक्तों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी ही इस पहल की सबसे बड़ी सफलता है।

इस बीच, शनिवार रात 11 बजे भाजपा की ओर से एक और विशेष ट्रेन का आयोजन किया गया है। इससे कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा, शुक्रवार शाम 6 बजे अगस्त क्रांति मैदान से गणेशोत्सव के अवसर पर कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पांच विशेष बसें रवाना की गईं। दक्षिण मुंबई क्षेत्र के करीब 200 चाकरमानियों ने इन बसों से यात्रा की। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ बसें कोंकण की ओर रवाना हुईं।
*********
