मुंबई में आज फूटेगी राजनीतिक दही -हंडी
-दही हांडी बनेगा सियासी शक्ति प्रदर्शन का उत्सव
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई । भये प्रकट गोपाल… नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की। कृष्ण जन्म के बाद पारंपरिक रूप से आज दही हांडी फोड़ी जाएगी। मुंबई सहित ठाणे, नवी मुंबई, भिवंडी, मीरा-भाईंदर , वसई- विरार सहित पूरे एमएमआर दही हंडी उत्सव की तैयारी पूरी हो गई है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में हमेशा की तरह इस बार भी दही हंडी उत्सव में बड़े पैमाने पर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा। इस साल दहीहंडी का उत्सव शनिवार को मनाया जा रहा है। मुंबई में ज्यादातर बड़े आयोजन भाजपा और शिंदे सेना, मनसे और उद्धव ठाकरे की शिव सेना (उबाठा) के नेताओं द्वारा आयोजित किया गया है। लेकिन मुंबई में दही हांडी का मुख्य मुकाबला बीजेपी और शिंदे सेना के बीच ही है। ज्यादातर आयोजनों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पहुंचने की उम्मीद है। दही हंडी के बड़े उत्सव दादर, गोरेगांव, अंधेरी, लोअर परेल, घाटकोपर, मागाठाणे, भांडुप और वर्ली , बोरीवली , मुलुंड सहित मुंबई के सभी इलाकों में आयोजित किये गए हैं।
गोविंदाओं के लिए घोषित हुए लाखों के इनाम
मुंबई और ठाणे सहित मीरा रोड में थर लगाने वाले और हंडी फोड़ने वाले गोविंदाओं के लिए लाखों रुपये के इनाम रखे गए हैं। मुंबई में दही हंडी के आयोजन में नेताओं, मंत्री से लेकर अभिनेता और अभिनेत्रियां भी शामिल होंगी। पहले मुंबई में यह चलन था कि मटकी फोड़ने के लिए एक निश्चित राशि का ऐलान किया जाता था, लेकिन अब यह परंपरा धीरे-धीरे कम हो गई है। ज्यादातर आयोजकों ने अब हंडी फोड़ने के लिए लाखो रुपये का इनाम घोषित किया है।
बोरीवली के मागाठाणे में शिंदे सेना के विधायक प्रकाश सुर्वे ने ‘मातृभाषा शिक्षा जागर दहीहंडी’ का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने की उम्मीद है। मुंबई की मराठी स्कूलों को बचाने और मातृभाषा में शिक्षा के महत्व को लोगों तक पहुंचाने के लिए यह भव्य ‘मातृभाषा शिक्षा जागर दहीहंडी’ समारोह का आयोजन किया गया है। घाटकोपर में बीजेपी विधायक राम कदम की दही हंडी काफी चर्चित रहती है। कदम ने बताया कि इस बार भी बड़े पैमाने पर इसका आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री सहित अन्य नेता एवं फ़िल्मी सितारे कार्यक्रम में भाग लेंगे। घाटकोपर पश्चिम के अमृत नगर छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर मनसे के गणेश चुक्क्ल ने हंडी फोड़ने वाले गोविंदाओं को 51 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया है। इस उत्सव में मनसे नेता अमित ठाकरे भाग लेंगे। वहीं मीरारोड में शिवसेना नेता विक्रम प्रताप सिंह शांति नगर में दही हांडी का आयोजन किया है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी यहां उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के उपस्थित होने की संभावना है।
10 लाख रुपये की बीमा सुरक्षा कवर
मानव पिरामिड बनाने के दौरान कई गोविंदा गिर कर घायल हो जाते हैं। महाराष्ट्र सरकार ने दही हांडी के दौरान मानव पिरामिड बनाने वाले 1.60 लाख पंजीकृत गोविंदाओं को 10 लाख रुपये की बीमा सुरक्षा देने की मंजूरी दी है।
हिंदी भाषी समाज की ओर से होंगे कई आयोजन
वर्ली के जांबोली मैदान पर बीजेपी नेता संतोष पांडेय की दही हंडी का आयोजन चर्चा में है। इस बार यहां उत्सव की थीम नशामुक्ति हंडी है, जिसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस फोड़ेंगे। दही हंडी के दौरे की शुरुआत फडणवीस यहां से करेंगे। बता दें कि पहले इस मैदान में शिवसेना ( अविभाजित ) की दही हंडी काफी चर्चित होती थी। वहीं बोरीवली से बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने जाम्भली गली एसवी रोड बोरीवली पश्चिम में दही हंडी का आयोजन किया है। उपाध्याय ने कहा कि इस उत्सव में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सहित अन्य नेता शामिल होंगे।
सांताक्रूज में नितेश सिंह की दही हांडी
भाजपा नगरसेवक डॉ. नितेश राजहंस सिंह ने सांताक्रुज वाकोला में हनुमान मंदिर के पास दही हंडी का आयोजन किया है। इस आयोजन में कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार, मंगल प्रभात लोढ़ा सहित तमाम बड़े चेहरे शामिल होंगे। सिंह ने पुरस्कार के रूप में 25 लाख 55 हजार 555 रुपये की पुरस्कार राशि रखी है।
*******
—
