हर स्कूल-कॉलेज में बनेगी नशामुक्ति मार्गदर्शन एवं परामर्श समिति
30 जुलाई से अभियान का शुभारंभ

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ मॉडल को पूरे राज्य में लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत राज्य के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘नशामुक्ति मार्गदर्शन एवं परामर्श समिति’ का गठन किया जाएगा।
इन समितियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, जोखिम की समय रहते पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक परामर्श और विशेषज्ञों तक पहुंच उपलब्ध कराना होगा।
नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान की उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मादक पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने इस मॉडल को पूरे राज्य में लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
नई समितियां विद्यार्थियों के व्यवहार में आने वाले बदलावों पर नजर रखेंगी, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच समन्वय स्थापित करेंगी तथा आवश्यकता पड़ने पर छात्रों को मनोवैज्ञानिकों और अन्य विशेषज्ञों से परामर्श दिलाने की व्यवस्था करेंगी। इसके साथ ही विद्यालयों और महाविद्यालयों में वर्षभर नशामुक्ति विषय पर जागरूकता अभियान, संवाद, कार्यशालाएं और परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश को मादक पदार्थों से मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार विभिन्न विभागों के समन्वय से नशे के खिलाफ जनजागरण और रोकथाम के प्रयासों को तेज कर रही है।
इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ 30 जुलाई को मुंबई के वर्ली स्थित डोम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों होगा। अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, मनोचिकित्सा विशेषज्ञों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सभी नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों और युवाओं से नशामुक्त महाराष्ट्र के निर्माण के इस जनआंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
*******
