समाज को दिया एकजुटता का संदेश

महिलाओं की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
सैकड़ों लोगों को वितरित की गई छतरियां
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई के उपाध्यक्ष विजय यादव के सौजन्य से उत्तर भारतीय समाज का एक भव्य सम्मेलन एवं सम्मान समारोह गोरेगांव स्थित मेवाड़ भवन हाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, वहीं महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य पवन त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में उत्तर भारतीय समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने वाले इस आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा महाराष्ट्र के अध्यक्ष संजय पाण्डेय तथा भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने समाज की एकता और संगठन की मजबूती पर बल देते हुए विजय यादव के सामाजिक प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें शैलेन्द्र दुबे, दशरथ दुबे, सुशांत यादव एवं मोतीलाल यादव को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान को सराहा गया। सम्मान प्राप्त करने वाले वरिष्ठजनों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विजय यादव और मनोज सिंह के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर भारतीय समाज के सैकड़ों लोगों को छतरियों का वितरण किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस जनकल्याणकारी पहल की समाज के लोगों ने सराहना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रसिद्ध लोकगायक सुरेश शुक्ल ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति से समा बांध दिया। उनके लोकगीतों पर उपस्थित लोगों ने खूब आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और जनसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपस्थित लोगों ने विजय यादव, मनोज सिंह, भाजपा नेता विप्लव अवसरे, लव जायसवाल, लक्ष्मण नाडार और प्रितेश पटेल सहित उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं।
*****
