भाजपा के उत्तर भारतीय नेताओ ने
समाज को दिया एकजुटता का संदेश

जा. न्यूज़ संवाददाता
—
मुंबई। भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई द्वारा आयोजित उत्तर भारतीय सम्मेलन एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन गोरेगांव पूर्व स्थित मेवाड़ भवन हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने इसे नारी शक्ति के उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
उत्तर भारतीय समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को समर्पित इस आयोजन में विभिन्न राज्यों और समुदायों के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंबई भाजपा के महामंत्री एवं सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी थे। उनके साथ भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा महाराष्ट्र के अध्यक्ष संजय पांडेय, मुंबई अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, महामंत्री विनय दुबे, मनोज जायसवाल, अजित सिंह, जिला अध्यक्ष ज्ञान मूर्ति शर्मा, जिला अध्यक्ष बलवंत वर्मा, मुंबई उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, प्रभाकर चतुर्वेदी, सचिव राहुल यादव, महिला प्रमुख संध्या पाठक, राजकुमार सिंह तथा आशीष मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में महिलाओं की भूमिका सराहनीय – आचार्य त्रिपाठी
आचार्य पवन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल उत्तर भारतीय सम्मेलन नहीं, बल्कि भारत की विविधता और एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की सहभागिता रही, जिससे यहां “मिनी भारत” की झलक देखने को मिली। उन्होंने समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में उनके योगदान की सराहना की। वहीं, संजय पांडे ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में जितना अन्य समाज का योगदान है उससे कम हमारा योगदान नही है। इसलिए उत्तर भारतीयों को कतई किसी से डरने की जरूरत नही है।

एकजुटता ही उत्तर भारतीय समाज की ताकत है- प्रमोद मिश्र
भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने समाज को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही हमारे समाज की ताकत है। श्री मिश्रा ने भव्य उत्तर भारतीय सम्मेलन आयोजित करने के लिए भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के पदाधिकारियों की प्रसंशा की। मिश्र ने सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। इस आयोजन ने उत्तर भारतीय समाज के साथ-साथ मुंबई की बहुसांस्कृतिक पहचान को भी और अधिक मजबूती प्रदान की है।

सुरेश शुक्ल के लोकगीतों से भावभिभोर हुए लोग
कार्यक्रम के दौरान लोकप्रिय लोकगायक सुरेश शुक्ला एवं गायिका सेतू जी ने भजनों और सांस्कृतिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। पूरे सभागार में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई के उपाध्यक्ष विजय यादव, मनोज सिंह, भाजपा नेता विप्लव अवसरे, लव जायसवाल, लक्ष्मण नडार तथा प्रीतेश पटेल का विशेष योगदान रहा। सम्मेलन के दौरान एड दशरथ दुबे और शैलेन्द्र दुबे सहित कई वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजू मिश्र ने किया।
******
